जिला कारागार में सामूहिक हत्याकांड की सजा काट रहे भाजपा के पूर्व विधायक….पढ़े पूरी खबर

जिला कारागार में सामूहिक हत्याकांड की सजा काट रहे भाजपा के पूर्व विधायक अशोक चंदेल को सोमवार देर रात आगरा जेल भेज दिया गया, वहीं आशुतोष सिंह उर्फ डब्बू को फतेहगढ़ जेल स्थानांतरित कर दिया गया। जेल प्रशासन ने बाहर लगने वाली भीड़ से अव्यवस्था होने का हवाला देते हुए शासन से उन्हें किसी अन्य जिले की जेल में स्थानांतरित किए जाने की मांग की थी।
मुख्यालय में 26 जनवरी 1997 को हुई पांच लोगों की हत्या के मामले में पूर्व सदर विधायक अशोक सिंह चंदेल, रघुवीर सिंह, आशुतोष सिंह उर्फ डब्बू, भान सिंह, नसीम अहमद, प्रदीप, उत्तम सिंह, साहब सिंह व श्याम सिंह को उच्च न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। दसवां आरोपी रुक्कू जनपद न्यायाधीश द्वारा सजा सुनाने के बाद से जेल में बंद है। जिला कारागार में बंद उक्त सभी कैदी मुख्यालय निवासी हैं। जिसके चलते सभी को स्थानांतरित करने के लिए जेल प्रशासन ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर मांग की थी। जिसे दैनिक जागरण ने 30 मई को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
हालांकि उस दौरान भी अधिकारी कुछ भी बोलने से कतरा रहे थे। जेल प्रशासन ने पत्र में कैदियों के स्थानीय निवासी होने के साथ राजनीतिक दल से जुड़े होने के कारण मिलाई के लिए लगने वाली भीड़ से होने वाली परेशानी का हवाला दिया था। जेल प्रशासन की मांग को जिलाधिकारी द्वारा शासन को भेजा गया था। जिस पर शासन ने सजायाफ्ता पूर्व विधायक अशोक चंदेल को आगरा जेल व आशुतोष उर्फ डब्बू सिंह को फतेहगढ़ जेल शिफ्ट किए जाने का आदेश दिया।





