जानलेवा हमले के फरार आरोपितों के घर पुलिस ने बजवाई डुगडुगी

लखनऊ। गुडम्बा थाना क्षेत्र में तिलक समारोह में फायरिंग कर जानलेवा हमले के फरार आरोपितों के घर बुधवार को डुगडुगी बजा कर धारा 82 की नोटिस चस्पा करवाई गई। इस दौरान मौजूद लोगों के सामने पुलिस ने लाउडस्पीकर से अलाउंस कर आरोपित के खिलाफ दर्ज मामले की जानकारी दी।
जानकीपुरम छुइयापूरवा निवास बजरंग राजपूत का सात दिसंबर की रात तिलक समारोह था। कॉलोनी में स्थित पार्क में कार्यक्रम चल रहा था। तभी सेक्टर के अलीगंज निवासी अभिषेक सिंह उर्फ बाबू और शुभम के बीच पुरानी रंजिश को लेकर झगड़ा शुरू हो गया। आक्रोश में आकर अभिषेक सिंह और उनके साथी पवन सिंह ने अंधाधुंध फायरिंग करने लगे थे।
आरोपितों का सहयोग रोहित और शिवम सिंह ने किया था। गोली लगने से शुभम, अनूप यादव और कुलदीप राजपूत समेत एक महिला घायल हो गई थी। वहीं भगदड़ में करीब डेढ़ दर्जन लोग घायल हुए थे। इस मामले में शुभम की तहरीर पर पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध बलबा और जानलेवा हमले समेत कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी।
ये भी पढ़ें: अखिलेश से मिले जयंत, बोले भाजपा के तानाशाही रवैया के खिलाफ विपक्ष एकजुट
इंस्पेक्टर गुडम्बा तेज प्रकाश सिंह ने बताया कि आरोपित फरार हैं। न्यायालय के आदेश पर बुधवार को सेक्टर- के अलीगंज निवासी अभिषेक और आरबीआई कॉलोनी अलीगंज निवासी शिवम व जानकीपुरम निवासी रोहित के घर धारा-82 की नोटिस चस्पा कर भगौड़ा होने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही लोगों को उसके अपराध के बारे में लाउडस्पीकर के माध्यम से बताया गया। इसके अलावा बीकेटी निवासी पवन सिंह के घर गुरुवार को नोटिस चस्पा करवाई जाएगी।
मालूम हो आरोपित अभिषेक व उसके साथियों ने सोमवार रात छठामील के पास समीर उर्फ शशि और धर्मेंद्र पर बमों से हमला कर पुलिस को चुनौती दी थी। एसएसपी कलानिधि नैथानी की फटकार के बाद पुलिस सक्रिय हुई है।





