जलभराव ने खोली निगम की पोल

सहारागंज स्थित लाप्लास बिल्डिंग में जलभराव से लोग परेशान
परिसर में घुसा नाले का गंदा पानी लिफ्ट बंद, 60 चार पहिया वाहनों में भरा पानी
लोगों के फोन के बावजूद नहीं जागे नगर निगम के अफसर, नहीं हुआ जलभराव का निस्तारण

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
Captureलखनऊ। राजधानी में शनिवार की सुबह हुई जोरदार बारिश ने नगर निगम के नाला सफार्ई अभियान की पोल खोल कर रख दी। बारिश के चलते शहर के तमाम इलाकों में जलभराव की समस्या बन गई है। हजरतगंज स्थित सहारागंज के ठीक सामने लाप्लास बिल्डिंग परिसर में आज जोरदार बारिश के कारण जल भराव हो गया है, जिसके चलते बिल्डिंग में रहने वालों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ा। इतना ही नहीं बिल्डिंग में रहने वाले लोग नगर निगम के अफसरों को फोन घुमाते रहे लेकिन अफसरों ने जलभराव के निस्तारण की कोई भी व्यवस्था नहीं की।
ला-प्लास बिल्डिंग परिसर में 3-4 घंटे तक घुटनों तक पानी भरा रहा। जलभराव के कारण बिल्डिंग की दोनों लिफ्ट बंद हो गई। बच्चे स्कूल नहीं जा सके। वहीं वाहन पार्किंग में खड़ी 50-60 चार पहिया गाडिय़ों में पानी भर गया, जिससे गाडिय़ां स्टार्ट नहीं हो सकी। लोग अपने कार्यालय समय से नहीं पहुंच पाये। बिल्डिंग में रहने वाले पंकज ने बताया कि परिसर में नाले का गंदा पानी भर जाने के कारण 700 लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ा। जलभराव की समस्या दूर करने के लिए नगर निगम प्रशासन को कई बार फोन किया गया, लेकिन विभाग की ओर से कोई व्यवस्था नहीं की गई। लोगों ने बताया कि बिल्डिंग के ठीक पीछे नाला बना हुआ है, जिसकी सफाई नहीं करायी जाती है। नाले पर लोगों ने अवैध निर्माण कर रखा है। इसी वजह से बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या पैदा हो जाती है। कई बार इसकी शिकायत की गई पर कुछ नहीं हुआ। मालूम हो कि सहारागंज के ठीक सामने बनी लाप्लास बिल्डिंग में विधायक, पत्रकार समेत प्रशासनिक अफसर रहते हैं। ऐसे में इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है कि जब शहर की पॉश कालोनियों में जलभराव की यह स्थिति है तो अन्य क्षेत्रों का क्या हाल होगा।

Back to top button