जया प्रदा ने कहा-रामपुर के सांसद आजम खां को महिलाओं के आंसुओं का लगा श्राप, पढ़े पूरी खबर

समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खां के खिलाफ लोकसभा चुनाव 2019 में रामपुर से भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी रहीं फिल्म अभिनेत्री जया प्रदा लगातार आजम खां पर हमलावर हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में जनसंपर्क अभियान में लगीं जया प्रदा ने कहा कि रामपुर के सांसद आजम खां को महिलाओं के आंसुओं का श्राप (शाप) लगा है।

रामपुर से समाजवादी पार्टी के सांसद आजम खां इन दिनों अपनी पत्नी राज्यसभा सदस्य डॉ. तजीन फात्मा के पक्ष में लगातार चुनावी सभा करने में व्यस्त हैं। इस दौरान कई जगह पर वह भावुक होकर रोने भी लगे। इस पर जया प्रदा ने तंज कसा है। जया प्रदा ने कहा कि आजम खां यह न समझें कि रोने से जनता गुनाह माफ कर देगी। जया प्रदा ने तंज कसते हुए कहा कि वो मुझे अच्छी अभिनेत्री कहा करते थे लेकिन वो खुद अब क्या कर रहे हैंर्।

जया प्रदा ने कहा कि रामपुर में जमीन कब्जा करने के मामले में आजम खां पर 86 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। उनके खिलाफ एसआईटी की जांच भी चल रही है। जया प्रदा न ेकहा कि यह सब तो उन महिलाओं का श्राप है, जिन्होंने उनकी (आजम खां) के कारण आंसू बहाए. वो अब हर जनसभा में रो रहे हैं। वो मुझे अच्छी अभिनेत्री कहा करते थे लेकिन वो अब खुद क्या कर रहे हैं।

समाजवादी पार्टी में रहीं जया प्रदा को भाजपा ने लोकसभा चुनाव 2019 में रामपुर से टिकट दिया था। जया प्रदा का यहां आजम खां से मुकाबला था। वह आजम खां से पराजित हो गईं थी। इस चुनाव के दौरान जया प्रदा पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में आजम खां के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज हुआ था।

सुरेश खन्ना ने कहा-घडिय़ाली आंसू बहा रहे आजम खां

प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सांसद आजम खां आज जनता के सामने घडिय़ाली आंसू बहा रहे हैं। लोगों के बीच जाकर वोट और सपोर्ट के लिए दामन फैला रहे हैं। वह भूल रहे हैं कि उनके इस तरह आंसू बहाने से जनता उनके गुनाहों को माफ नहीं करने वाली। उन्होंने कहा कि आप सब जानते हैं कि रोता कौन है। वह ही रोता है, जिसने गुनाह किए हों। बेगुनाह हमेशा सीना तान कर जनता के समक्ष आता है। उसे इस तरह रो धोकर जनता के सामने हाथ नहीं फैलाने पड़ते। आपने यदि अच्छे काम किए हैं तो जनता जनार्दन अपने आशीर्वाद और प्यार से आपको मालामाल कर देती है। वहीं यदि कुछ बुरा किया तो फिर वह वोट की चोट से आपको धराशायी करने में देर नहीं करती। यहां की जनता ने जितने जुल्म सपा के शासन में सहे, उसके लिए वह उन्हें इस चुनाव में जवाब देने के लिए तैयार बैठी है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने कभी किसी का बुरा नहीं किया। सब धर्म-जाति को साथ लेकर पार्टी हमेशा से चलती आई है। किसी के साथ कभी भेदभाव नहीं किया। मुस्लिमों के कल्याण के लिए सरकार द्वारा कितनी ही योजनाएं चलाई गईं, जिनका लाभ लेकर तमाम मुस्लिम परिवारों का स्तर ऊपर उठा है। ऐसे में वे मुस्लिम परिवार पार्टी के साथ खुशी-खुशी जुड़ रहे हैं। उन्हें पता चल चुका है कि पार्टी कभी मुस्लिम विरोधी नहीं रही है। कुछ लोग जानबूझ कर पार्टी पर मुस्लिम विरोधी होने का ठप्पा लगाना चाहते हैं। जनता उनके बहकावे में न आए।

Back to top button