जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन होने से यातायात ठप

पिछले चौबीस घंटे से जारी बारिश के कारण श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई जगह भूस्खलन होने से ट्रैफिक विभाग ने यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर यातायात बंद कर दिया है। वहीं बुधवार रात को जोजिला में बादल भी फटा है जिसके कारण कई जगह सड़क बंद हो चुकी है। बीआरओ श्रीनगर-लेह मार्ग पर गिरे मलवे को हटाने का काम कर रही है। बारिश के बीच काम करने में परेशानी हो रही है परंतु ट्रैफिक विभाग का कहना है कि पूरा प्रयास किया जा रहा है कि दोपहर बाद तक मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाए। वहीं दोपहर बाद ऐतिहासिक मुगल रोड को भी भूस्खलन होने से उसे भी यातायात के लिए बंद कर दिया है। संबंधित विभाग सड़क पर से मलवा हटाने का काम कर रहा है।
ट्रैफिक विभाग के अनुसार इस मार्ग पर काफी संख्या में वाहन फंसे हुए हैं। फिलहाल उन्हें वहां से निकाल सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है। बीती रात जोजिला दर्रे में बादल फटने से मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया। वहीं तेज बारिश मलवा हटाने के काम में बाधा बन रही है। बीआरओ के कर्मी सड़क को यातायात योग्य बनाने में लगातार जुटे हुए हैं। पुलिस के मुताबिक इसमें काफी समय लग सकता है। काम पूरा होने तक श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों को उतरने से मना कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि कोई यात्री इस ओर सड़क से यात्रा करना चाहता है तो वह कंट्रोल रूम में स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही सफर शुरू करे।
ऐतिहासिक मुगल रोड को भी भूस्खलन के बाद यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। पोशाना में भारी भूस्खलन हुआ जिसके बाद मुख्य मार्ग पर मलवा एकत्र हो गया। यात्रियों की सुरक्षा को मद्देनजर रख ट्रैफिक विभाग ने इस सड़क को वाहनों के लिए बंद कर दिया। डीटीआई पुंछ नियाज अहमद ने कहा कि सुबह तो इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही जारी थी परंतु लगातार हो रही बारिश के बाद पोशाना में भूस्खलन हुआ। उन्होंने बताया कि पीडब्ल्यूडी विभाग के कर्मचारी सड़क से मलवा हटाने का काम कर रहे हैं। मलवा हटने के बाद यातायात बहाल हो जाएगा।





