जदयू और भाजपा की राहें झारखंड विधानसभा चुनाव में होंगीं अलग, अपने दम पर लड़ेगा

बिहार में एक साथ एनडीए में शामिल जदयू और भाजपा की राहें झारखंड विधानसभा में अलग होंगी। इस बात की पूरी उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले झारखंड विधानसभा चुनाव में JDU बीजेपी से अलग, स्वतंत्र चुनाव लड़ेगा।
झारखंड विधान सभा के 81 सीटों पर इसी साल चुनाव होने वाले हैं। नौ जून को पटना में JDU की राष्ट्रीय कार्यकारणी की बैठक में झारखंड JDU इकाई इस बात का सुझाव अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को देगी।झारखंड JDU के अध्यक्ष सलखान मुर्मू ने विधानसभा चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ने का प्रोपोजल तैयार किया हा और इसे वो कार्यकारिणी की बैठक में रखेंगे।
पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में इस प्रोपोजल पर चर्चा होने की संभावना है और इसका फैसला पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को करना है।
बता दें कि अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड समेत कई राज्यों में JDU ने भाजपा से अलग होकर स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ा है। इसके साथ ही जदयू नेता भी इस बात को बार-बार कहते आ रहे हैं कि हमारा गठबंधन भाजपा के साथ सिर्फ बिहार में हैं, राष्ट्रीय स्तर पर नहीं। एेसे में पूरी संभावना है कि बिहार छोड़कर अन्य राज्यों में जदयू अपना जनाधार तलाशेगा।
वैसे भाजपा की बात करें तो झारखंड में लोकसभा चुनाव के नतीजों में बेहतर प्रदर्शन से गदगद भाजपा भी JDU के साथ चुनाव लड़ना नहीं चाहेगी। एेसे में कहीं साथ तो कहीं अकेले हम और अकेले तुम वाली स्थिति होने वाली है।





