छत्तीसगढ़ : आईईडी ब्लास्ट में डीआरजी का जवान घायल, नक्सलियों ने किया हमला

छत्तीसगढ़ के सुकमा में मंगलवार को हुए आईडी ब्लास्ट में एक डीआरजी का जवान घायल हो गया है। ब्लास्ट मिनपा में हुआ, यह जंगल वाला इलाका है। ब्लास्ट उस वक्त हुआ जब  206 कोबरा और डीआरजी के जवान अपने बेस कैंप की ओर लौट रहे थे। छत्तीसगढ़ : आईईडी ब्लास्ट में डीआरजी का जवान घायल, नक्सलियों ने किया हमला

घटना के बारे में बताते हुए पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले के चिंतागुफा थाना क्षेत्र के अंतर्गत रांगापारा गांव के करीब प्रेशर बम की चपेट में आने से डीआरजी के सहायक आरक्षक माडवी सुक्का (25) घायल हो गए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुकमा जिले के किस्टाराम और चिंतागुफा थाना क्षेत्र और तेलंगाना के सीमावर्ती क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से ऑपरेशन प्रहार चार चलाया जा रहा है। पुलिस दल में एसटीएफ, डीआरजी और सीआरपीएफ के कोबरा बटालियन के जवान शामिल थे। सोमवार को पुलिस दल को इस अभियान में सफलता मिली और नौ नक्सलियों को मार गिराया गया। इस घटना में डीआरजी के दो जवान शहीद हुए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि देर रात जब डीआरजी का दल अपने शिविर में लौट रहा था तब जवान सुक्का का पैर प्रेशर बम के उपर चला गया। इससे बम में विस्फोट हो गया। इस घटना में सुक्का गंभीर रूप से घायल हो गया है।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद घायल जवान को चिंतागुफा के फील्ड अस्पताल में लाया गया तथा बाद में उन्हें रायपुर भेजा गया। सुक्का को रायपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

Back to top button