चेन्नई सुपरकिंग्स को बड़ा झटका, ऑलराउंडर ब्रावो हुए चोटिल, दो सप्ताह तक ILP में नहीं खेल सकेंगे

कई क्रिकेटर्स फॉर्म को बरकरार या बेहतर करने के लिए आईसीसी वर्ल्ड कप से पहले आइपीएल में खेल रहे हैं। लेकिन साथ ही इस टी20 टूर्नामेंट में खेलने से चोटिल होने की संभावना भी बढ़ जाती है। हर खिलाड़ी अपनी टीम को जीत दिलाने के लिए जी-जान लगा देता है और इसी वजह से चोटिल भी हो जाता है। 
ऐसा ही कुछ चेन्नई सुपरकिंग्स के साथ भी हो रहा है। चेन्नई के ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो मांसपेशयों में खिंचाव की वजह से दो सप्ताह तक आइपीएल में नहीं खेल सकेंगे। टीम के बल्लेबाजी कोच माइक हसी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। चेन्नई को शनिवार को किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ अपना 5वां मैच खेलना है। वेस्टइंडीज के क्रिकेटर ब्रावो मुंबई इंडियंस के खिलाफ बुधवार को खेले गए मैच के दौरान चोटिल हो गए थे।
वह डिफेंडिग चैंपियन टीम के अहम खिलाड़ी हैं। इसी वजह से टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी को बड़ा झटका लगा है। माइक हसी ने कहा कि मुझे जानकारी मिली है कि ड्वेन ब्रावो की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया है। अब वह लगातार दो हफ्ते तक टूर्नामेंट से बाहर रहेंगे। यह टीम के लिए बहुत बड़ा नुकसान है। उनके रहने पर टीम काफी संतुलित नजर आती है। वह बेहतरीन ऑलराउंडर हैं इसलिए टीम में कुछ जरूरी बदलाव करने होंगे। इसके बावजूद मुझे भरोसा है कि हम आगे के मैचों में सर्वेश्रेष्ट टीम उतारने में कामयाब होंगे।
हसी ने कहा, ” मुझे यकीन है कि कप्तान धौनी और कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने गेंदबाजी को लेकर अच्छी प्लानिंग की है। हमारे पास डेथ ओवर्स के लिए शार्दुल और मोहित जैसे गेंदबाज हैं। इसके अलावा स्कॉट कुगलेइजन की डेथ ओवरों की गेंदबाजी का आंकलन भी किया जा रहा है। लेकिन यह पिच की परिस्थितियों पर निर्भर करेगा कि क्या करना है। अगर पिच स्पिनर के लिए हुई तो उन्हीं से डेथ ओवर भी करवा सकते हैं।”





