चुनाव आयोग ने कोरोना के कहर को देखते हुए जारी किया ये फरमान, आयोग ने कहा…

भारत निर्वाचन आयोग ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि  चुनाव को लेकर कोविड 19 के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अतिरिक्त मतदान केंद्र सहित सभी बूथों पर आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करें। आयोग ने मतदाता सूची के शुद्धिकरण कार्य को भी तेजी से निपटाने का निर्देश दिया। साथ ही, आयोग ने कहा कि जिला स्तर पर कितने मतदानकर्मियों की आवश्यकता है और मतदानकर्मियों को लेकर आवश्यक वाहनों की जरूरत का भी आकलन कर लें। 

आयोग की ओर से सोमवार को प्रमण्डलवार पांच प्रमंडलों के 27 संबंधित जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी के साथ बैठक की गई। पहले पटना और तिरहुत प्रमण्डल, फिर कोसी व पूर्णिया प्रमंडल और अंत में भागलपुर प्रमंडल से संबंधित जिलों के साथ बैठक की गई। बैठक में मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया व मतदाता जागरूकता को लेकर किये जा रहे कार्यो की भी समीक्षा की गई। 

 बैठक में मुख्य रूप से चुनाव आयोग द्वारा कोरोना को लेकर दिए गए दिशा-निर्देशों के पालन पर जोर दिया गया। बैठक में सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारी को पांच मिनट में चुनाव तैयारियों की जानकारी देने का भी मौका दिया गया। अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रंजीता ने बताया कि आयोग के द्वारा मंगलवार को भी अन्य प्रमंडलों के जिलों के साथ बैठक की जाएगी। बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एच आर श्रीनिवास व अन्य वरीय अधिकारी भी शामिल हुए। 

प्रमंडलवार जिले 
पटना- पटना, नालन्दा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास व कैमूर
तिरहुत – मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर व वैशाली 
कोसी – सहरसा, मधेपुरा व सुपौल
पूर्णिया – अररिया, कटिहार, किशनगंज व पूर्णिया
भागलपुर – मुंगेर, बेगूसराय, खगड़िया, लखीसराय, बांका, भागलपुर, शेखपुरा व जमुई 

Back to top button