चमोली: NTPC के तपोवन विष्णुगाड़ जलविद्युत परियोजना में हेड रेस टनल का सफल ब्रेकथ्रू

एनटीपीसी की 520 मेगावाट तपोवन विष्णुगाड़ जलविद्युत परियोजना ने आज आठ जुलाई को हेड रेस टनल (एचआरटी) का सफल ब्रेकथ्रू किया। कंपनी के अनुसार यह परियोजना के सबसे महत्वपूर्ण चरणों में से एक है। फेस-02 और फेस-03 से बनाई जा रही सुरंगें तय स्थान पर सफलतापूर्वक आपस में जुड़ गईं, जिससे दोनों ओर से चल रहा निर्माण कार्य एक-दूसरे से मिल गया।
इस ब्रेकथ्रू के लिए फेस-02 से 1,748 मीटर और फेस-03 से 981 मीटर तक सुरंग की खुदाई की गई। यह उपलब्धि हेड रेस टनल के निर्माण में एक अहम पड़ाव मानी जा रही है। परियोजना की कुल 12.1 किलोमीटर लंबी हेड रेस टनल में अब तक 9.7 किलोमीटर खुदाई पूरी हो चुकी है, जो कुल कार्य का करीब 80 प्रतिशत है।
एनटीपीसी के अनुसार हिमालयी क्षेत्र की कठिन भू-वैज्ञानिक परिस्थितियों, कठोर चट्टानों और जटिल भूमिगत निर्माण के बावजूद परियोजना से जुड़े अभियंताओं और श्रमिकों ने तकनीकी दक्षता, दृढ़ संकल्प तथा सुरक्षा और गुणवत्ता के मानकों का पालन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की है। इस मौके पर एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ परियोजना का निर्माण कार्य कर रही एजेंसी हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड (एचसीसी) के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।





