‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट से कृषि निवेश को मिलेगा नया विस्तार’, CM भजनलाल शर्मा ने कहा

जयपुर में 23 से 25 मई होने वाले ग्राम-2026 को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिल्ली इन्वेस्टर मीट में निवेशकों को आमंत्रित किया। उन्होंने इसे कृषि निवेश, तकनीक, किसान समृद्धि और राजस्थान की संभावनाओं से जुड़ा बड़ा मंच बताया।
जयपुर में 23 से 25 मई तक आयोजित होने वाले ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम-2026) को लेकर नई दिल्ली में आयोजित इन्वेस्टर मीट में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इसे कृषि क्षेत्र में निवेश और नवाचार का बड़ा मंच बताया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सशक्त किसान, समृद्ध भारत’ विजन को धरातल पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने निवेशकों, उद्यमियों और कृषि क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों को ग्राम-2026 में भाग लेने का आमंत्रण देते हुए कहा कि इस मंच के माध्यम से किसान, नीति निर्माता और वैज्ञानिक एक साथ आएंगे। इससे आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रसार होगा और किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि राज्य में गिरदावर सर्किल से लेकर जिला स्तर तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, जिससे अधिकतम किसानों को लाभ मिल सके।
भजनलाल शर्मा ने राजस्थान को कृषि उत्पादन में अग्रणी राज्य बताते हुए कहा कि बाजरा, सरसों, तिलहन, जौ, ग्वार, ईसबगोल और जीरे के उत्पादन में राज्य देश में शीर्ष स्थान पर है। इस विविधता के चलते फूड प्रोसेसिंग, स्पाइस पार्क और एग्री-एक्सपोर्ट के क्षेत्र में निवेश की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के दौरान कृषि क्षेत्र में लगभग 44 हजार करोड़ रुपये के एमओयू साइन हुए, जिनमें से 9 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश धरातल पर उतर चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार निवेश अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। कृषि से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रोसेसिंग यूनिट, वेयरहाउस, डेयरी, मछली पालन और पशुपालन पर विशेष फोकस किया जा रहा है। सौर ऊर्जा के क्षेत्र में भी तेजी से काम हुआ है और दो वर्षों में 65 हजार से अधिक सौर पंप स्थापित किए गए हैं, जिससे किसानों की लागत कम हुई है।
केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि कृषि को लाभदायक बनाना देश के विकास के लिए जरूरी है और राजस्थान इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। वहीं, कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने बताया कि ग्राम-2026 के तहत देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें महिला उद्यमिता, स्टार्टअप और नई तकनीकों पर विशेष चर्चा होगी।





