गोल्ड मेडल विजेता खिलाड़ी पांच दिनों से लापता

एजेंसी/ रांची। डालटनगंज की रहने वाली अंतरराष्ट्रीय लॉन बाल खिलाड़ी अनवरी खातून पिछले पांच दिनों से लापता हैं। अनवरी नेशनल अंडर 25 लॉन बाल में स्वर्ण व केरल नेशनल गेम्स में कांस्य पदक जीत चुकीं हैं। मीडिया रिपोर्टस के अनुसार, अनवरी का कुछ पता नहीं चल पा रहा है। उनका मोबाइल नंबर भी बंद है। परिवार के लोग उनकी खोजबीन में जुटे हैं। हालांकि यह मामला अब तक थाने नहीं पहुंचा है।
रिपोर्टस के अनुसार, अनवरी को 11 जून को ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना होना था। जहां वह ऑस्ट्रेलिया ओपन लॉन बाल टूर्नामेंट में भाग लेतीं। ऑस्ट्रेलिया जाने के लिए वह डालटनगंज राईन मुहल्ला स्थित आवास से रांची के लिए रवाना हुईं थीं। परिजनों के अनुसार, उसके बाद से अनवरी का मोबाइल बंद है।
अनवरी का पता नहीं चलने से घर वाले काफी घबराए हुए हैं। परिजनों ने इस संबंध में झारखंड लॉन बाल संघ के पदाधिकारियों से बात की तब उन्हें पता चला कि अनवरी वहां नहीं पहुंची है। ऑस्ट्रेलिया जाने के लिए पलामू पुलिस मेंस एसोसिएशन ने अनवरी को एक लाख रुपए की राशि मुहैया कराई थी।





