गर्मी से राहत की संभावना: पंजाब में आज से बारिश का अलर्ट

पंजाब में रविवार से अगले पांच दिन तक भारी बारिश का अलर्ट है। इसका सबसे ज्यादा असर पंजाब के सीमावर्ती जिले पठानकोट में दिखाई देने लगा है, जहां हिमाचल से आने वाली चक्की नदी उफान पर है। शनिवार तड़के नदी का जलस्तर करीब नौ मीटर तक पहुंचने से दिल्ली-कटड़ा रेल मार्ग के महत्वपूर्ण पुल पर खतरा मंडराने लगा है। वहीं, रविवार सुबह चंडीगढ़ और ट्राई सिटी में हल्की बारिश हुई।
13 जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 20 से 22 जुलाई के बीच पंजाब के 13 जिलों और हिमाचल के पांच जिलों में भारी से भारी बारिश हो सकती है। इससे पंजाब के तापमान में पांच डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है।
चक्की नदी के जलस्तर से चिंता
पठानकोट में चक्की नदी का बढ़ता जलस्तर सबसे बड़ी चिंता बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रेल पुल की सुरक्षा के लिए बनाई जा रही करोड़ों रुपये की रिटेनिंग वॉल का काम बरसात से पहले पूरा नहीं किया गया। अब कटाव वाले हिस्से से पानी दीवार के पीछे तक पहुंच गया है। पिछले साल अगस्त में इसी नदी की बाढ़ ने एयरपोर्ट का संपर्क मार्ग और जालंधर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग का पुल क्षतिग्रस्त कर दिया था। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा कार्य पूरा नहीं हुआ तो रेल संपत्ति के साथ आसपास के क्षेत्रों को भी बड़ा नुकसान हो सकता है।
पंजाब में रविवार को पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर में भारी बारिश की संभावना है। वहीं 20 से 22 जुलाई के बीच पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, फतेहगढ़ साहिब, लुधियाना, पटियाला और मोहाली में भारी से बेहद भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।





