गर्मी में पेट को ठंडक और जुबान को लाजवाब स्वाद देगा ‘रवा डोसा’

ज्यादा तेल-मसाले वाला और भारी खाना इस चिलचिलाती धूप में किसी को नहीं सुहाता। ऐसे में, अगर आप कुछ ऐसा ढूंढ रहे हैं जो झटपट बन जाए और पेट को भी सुकून दे, तो ‘रवा डोसा’ आपके लिए एक परफेक्ट चॉइस है।
इस डोसे की सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए आपको पारंपरिक डोसे की तरह दाल-चावल भिगोने या रात भर खमीर उठने का इंतजार नहीं करना पड़ता। यह एक ‘इंस्टेंट’ रेसिपी है जो मिनटों में तैयार हो जाती है। सूजी से बना यह जालीदार डोसा न सिर्फ खाने में बेहद क्रिस्पी होता है, बल्कि गर्मियों में आपके पेट को भारीपन भी महसूस नहीं होने देता।
रवा डोसा बनाने के लिए जरूरी सामग्री
रवा: 1 कप (बारीक वाली)
चावल का आटा: आधा कप (क्रंचीनेस के लिए)
मैदा या गेहूं का आटा: 2 बड़े चम्मच (बाइंडिंग के लिए)
दही: 2 बड़े चम्मच (हल्की खटास के लिए)
बारीक कटा प्याज: 1 (ऑप्शनल)
हरी मिर्च और अदरक: बारीक कटा हुआ
जीरा और साबुत काली मिर्च: 1-1 छोटा चम्मच
हरा धनिया: बारीक कटा हुआ
नमक: स्वादानुसार
पानी: बैटर बनाने के लिए (लगभग 3-4 कप)
तेल या घी: डोसा सेंकने के लिए
रवा डोसा बनाने की विधि
एक बड़े बर्तन में सूजी, चावल का आटा और मैदा डाल लें। अब इसमें जीरा, काली मिर्च, बारीक कटी हरी मिर्च, घिसा हुआ अदरक, हरा धनिया और नमक मिला दें।
अब इसमें दही डालें और धीरे-धीरे पानी मिलाते हुए एक घोल तैयार करें। ध्यान रहे, रवा डोसे का बैटर आम डोसे की तरह गाढ़ा नहीं होता, बल्कि यह छाछ या पानी की तरह एकदम पतला होना चाहिए।
बैटर को अच्छी तरह मिलाने के बाद इसे 15 से 20 मिनट के लिए ढककर रख दें। इससे सूजी अच्छी तरह फूल जाएगी।
एक नॉन-स्टिक तवा गैस पर रखें और इसे अच्छे से गरम होने दें। तवा गरम होने के बाद इस पर थोड़ा सा तेल या घी लगाएं। अगर आप प्याज डालना चाहते हैं, तो तवे पर बैटर डालने से ठीक पहले बारीक कटा प्याज छिड़क दें।
अब बैटर को एक कटोरी या कलछी में लें और तवे के किनारों से शुरू करते हुए बीच की तरफ डालें। क्योंकि बैटर पतला होता है, इसलिए यह अपने आप फैलकर एक खूबसूरत जालीदार आकार ले लेगा। इसे आम डोसे की तरह गोल-गोल घुमाकर नहीं फैलाना है।
रवा डोसा पकने में थोड़ा ज्यादा समय लेता है। इसे मध्यम आंच पर 2-3 मिनट तक सिकने दें। जब किनारे भूरे और क्रिस्पी दिखने लगें, तो किनारों पर हल्का सा तेल डालें।
जब डोसा एकदम कुरकुरा और गोल्डन ब्राउन हो जाए, तो इसे बीच से फोल्ड करें और प्लेट में निकाल लें।
लीजिए, आपका गरमा-गरम और क्रिस्पी रवा डोसा तैयार है। इसे ठंडी-ठंडी नारियल की चटनी, पुदीने की चटनी या फिर गरमागरम सांभर के साथ परोसें। यकीन मानिए, गर्मियों की सुबह के नाश्ते या हल्की-फुल्की शाम की भूख के लिए इससे बेहतरीन और स्वादिष्ट विकल्प कोई और हो ही नहीं सकता है।





