गर्मी बढ़ते ही एक्शन में मंत्री रणबीर गंगवा, जनस्वास्थ्य विभाग की छुट्टियां रद्द कर फील्ड में रहने के दिए निर्देश

हरियाणा में बढ़ती गर्मी और पेयजल संकट की आशंका को देखते हुए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। मंत्री ने कहा कि गर्मी के मौसम में प्रदेशभर में बिना रुकावट स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में मंत्री रणबीर गंगवा ने पेयजल व्यवस्था, जल संरक्षण, जल निकासी और फ्लड सीजन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे फील्ड में रहकर आमजन की समस्याओं का तुरंत समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान मंत्री ने स्पष्ट किया कि पेयजल आपूर्ति में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसी कड़ी में हांसी और चरखी दादरी के दो एसडीओ और दो जेई को सस्पेंड किया गया है, जबकि आदमपुर के एक एसडीओ और एक जेई को चार्जशीट किया गया है। उन्होंने कहा कि पानी की बर्बादी रोकने, जल संरक्षण बढ़ाने और हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने पर सरकार का विशेष फोकस रहेगा।
मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रदेशभर में जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और सभी अधिकारियों को मुख्यालय पर मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
उन्होंने जल संरक्षण और पानी की बर्बादी रोकने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है। इसके साथ ही जनप्रतिनिधियों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने और अधिकारियों के फील्ड विजिट बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए।





