क्रैश हुआ कश्मीर के बडगाम में वायुसेना का विमान, दो पायलट शहीद

जम्मू कश्मीर के बडगाम से सात किलोमीटर दूर गारेंद गांव में एक मिग लड़ाकू विमान क्रैश हो गया. विमान खेत में जाकर गिरा और इसमें आग लग गई. हादसे की वजह अब तक साफ़ नहीं हो पाई है. हादसे में दोनों पायलटों की मौत की आशंका जताई जा रही है. इस विमान ने श्रीनगर एयरबेस से उड़ान भरी थी. सूत्रों का कहना है कि कश्मीर में विमान पेट्रोलिंग पर था तभी प्लेन क्रैश हो गया.

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विमान नीचे की ओर आने लगा और थोड़ी देर बाद जोरदार आवाज आई और विमान क्रैश हो गया. इसमें आग लग गई. मौके पर पुलिस और बचाव दल पहुंच गया है.

मालूम हो कि यह घटना ऐसे वक्त हुई है जब भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव का माहौल है. बता दें कि बीते 20 दिनों में भारत के 5 विमान क्रैश हुए हैं. हाल ही में बेंगलुरु में एयरो शो के दौरान दो सूर्य किरण विमान आपस में टकराकर क्रैश हो गए थे. 

इसके पहले राजस्थान में क्रैश हुआ था मिग…

गौरतलब है कि बडगाम के पहले राजस्थान के पोखरण में मिग-27 लड़ाकू विमान भी क्रैश हो गया था. उस वक्त यह विमान प्रशिक्षण उड़ान पर था और जैसलमेर से उड़ा था. हालांकि, इस हादसे में पायलट सुरक्षित रूप से विमान से बाहर निकलने में कामयाब रहे थे.

 

Back to top button