कोहरे का कहर: मुजफ्फरपुर में एक के बाद एक टकराये 13 वाहन, मचा कोहराम

मुजफ्फरपुर में भीषण हादसे की खबर आ रही है। शुक्रवार की अलसुबह कोहरे की वजह से 13 गाड़ियों में भिड़ंत हो गई है। वे सब एक-एक कर आपस में टकरा गई। घटनास्थल पर अफरातफरी की स्थिति है। इसमें एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई है। 
जानकारी के अनुसार पहले मुजफ्फरपुर के कांटी के पास कोठिया में हुए इस भीषण हादसे में तीन लोगों की मौत की खबर मिली थी, लेकिन बाद में बताया गया कि इसमें सिर्फ एक की मौत हुई है। हालांकि अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। हादसे में लगभग दर्जन भर वाहन टकरा गए हैं। 14-15 लोगों के घायल होने की सूचना है।
मुजफ्फरपुर से मिल रही जानकारी के अनुसार कांटी के पास कोठिया के निकट कोहरे की वजह से पहले टैंकर और कार में जोरदार टक्कर हो गई। टैंकर पर स्पिरिट लदा हुआ था। इसके बाद तेज रफ्तार से आ रहे बस ने कार में धक्का मार दिया। हालांकि इसी बीच कार का ड्राइवर मौके से भाग निकला। लेकिन, तब तक कई और गाड़ियां आपस में टकरा गईं।
मौके पर स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू कर दिया है। बताया जाता है कि सुबह से मुजफ्फरपुर इलाके में कोहरा छाया हुआ था। इसकी वजह ड्राइवर ठीक से सामने नहीं देख पाए और जब तक वे संभलते, तब तक देर हो चुकी थी।





