कोरोना की चपेट में आए शाहिद अफरीदी, कहा- मेरा शरीर बहुत दर्द कर रहा हैं दुआ करें

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान शाहिद आफरीदी कोरोना वायरस की चपेट में आ गए हैं. वह कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. पूर्व क्रिकेटर शाहिद आफरीदी ने कोरोना टेस्ट करवाया था. उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है. उन्होंने ट्वीट कर कहा कि लोग मेरे जल्द ठीक होने की दुआ करें.

आफरीदी ने ट्वीट किया कि मैं गुरुवार से अस्वस्थ महसूस कर रहा हूं. मेरा शरीर बुरी तरह से दर्द कर रहा था. मेरा कोरोना का टेस्ट हुआ और दुर्भाग्य से रिपोर्ट पॉजिटिव आई. शीघ्र स्वस्थ होने के लिए दुआ की आवश्यकता है.
कोरोना वायरस के बाद से ही आफरीदी पाकिस्तान में लगातार गरीबों और जरूरतमंदों की मदद कर रहे थे. वो अपनी टीम के साथ पाकिस्तान के अलग-अलग इलाकों में राहत सामग्री पहुंचा रहे थे. अपनी तूफानी बल्लेबाजी के लिए जाने जाने वाली आफरीदी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं. वह अपने बयानों को लेकर भी सुर्खियों में बने रहते हैं.
आफरीदी ने बीते दिनों कश्मीर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ विवादित टिप्पणी की थी, जिसके बाद पूर्व भारतीय खिलाड़ियों युवराज सिंह और हरभजन सिंह ने उनसे संबंध तोड़ लिया था.
शाहिद अफरीदी ने कहा था कि कोरोना से बड़ी बीमारी मोदी के दिल और दिमाग में हैं और वह बीमारी मजहब की बीमारी है. उस बीमारी को लेकर वह सियासत कर रहे हैं और हमारे कश्मीर कश्मीरी भाई-बहनों और बुजुर्गों के साथ जुल्म कर रहे हैं. उन्हें इसका जवाब देना होगा.





