कोच के निधन पर सचिन तेंदुलकर ने कही ऐसी बात, लोगों की आँखे हो गयी नम

महान बल्लेबाज और भारत रत्न सचिन तेंदुलकर ने अपने कोच रमाकांत आचरेकर के निधन पर दुख व्यक्त किया है. साथ ही कहा कि आचरेकर सर की मौजूदगी से स्वर्ग में भी क्रिकेट समृद्ध होगा. आपको बता दें कि बुधवार को मुंबई में तेंदुलकर के कोच रहे रमाकांत आचरेकर का निधन हो गया. वो 87 वर्ष के थे. आचरेकर लंबे समय से बीमार चल रहे थे और 2013 में स्ट्रोक के बाद से वो चलने-फिरने में असमर्थ थे.
सचिन तेंदुलकर ने कहा, ‘दूसरे स्टूडेंट की तरह मैंने भी क्रिकेट की ABCD आचरेकर के मार्गदर्शन में ही सीखी. मेरे जीवन में उनके योगदान को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता. उन्होंने वह नींव रखी, जिस पर मैं खड़ा हूं.’ सचिन ने कहा, ‘मैं पिछले महीने आचरेकर और उनके कुछ छात्रों से मिला और उनके साथ समय बिताया. हमने पुरानी यादें साझा कीं और बहुत खुश हुए. मुझे आचरेकर सर ने सीधे बल्ले से खेलना और सादा जीवन जीना सिखाया. हमें अपने जीवन से जोड़ने और खेल के गुर सिखाने के लिए धन्यवाद.’ उन्होंने कहा, ‘आचरेकर आप हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे.’
इससे पहले हाल ही में सचिन तेंदुलकर ने गुरु पूर्णिमा पर ट्वीट कर अपने बचपन के कोच रमाकांत आचरेकर के प्रति सम्मान व्यक्त किया था. सचिन ने कोच के साथ तस्वीर भी शेयर की, जिसमें वे अपने गुरु के पैर छूते नजर आ रहे हैं. इस मौके पर उनके साथ करीबी दोस्त अतुल राणाडे भी मौजूद थे. सचिन तेंदुलकर अपने क्रिकेट करियर के लिए हमेशा से आचरेकर का शुक्रिया अदा करते आए हैं. कुछ दिन पहले सचिन तेंदुलकर ने कहा था कि उनके बचपन के कोच रमाकांत आचरेकर ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही फिटनेस की अहमियत बता दी थी.





