केजीएमयू लखनऊ से एक दिन में आए इतने नए मरीज, जानिए यूपी के अन्‍य जिलों का हाल

लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश में कोरोना के तेजी से प्रसार का सिलसिला जारी है। राज्य में प्रतिदिन नए मामलों की संख्या में इजाफा हो रहा है। इसके मद्दनेजर सरकार ने कोरोना जांच की संख्या और बढ़ाने के निर्देश दिए हैं, जिससे संक्रमण का सही समय पर पता लगाकर उसका प्रसार रोका जा सके। इस बीच राजधानी की किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में सोमवार को जांच किये गए 2,059 नमूनों में 132 की रिपोर्ट मंगलवार को पॉजिटिव आई।

इसके साथ ही कई अन्य प्रयोगशालाओं की रिपोर्ट में भी कोरोना के नए मामलों की पुष्टि हुई है। संत कबीरनगर में मंगलवार को 12 लोग जांच में कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। वहीं आज 10 पाॅजिटिव मरीज स्वस्थ होकर अपने घर पहुंचे। जनपद में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर अब 786 हो गई है। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मोहन झा ने बताया कि नए मामलों में जनपद में सर्वाधिक खलीलाबाद ब्लाक में चार, बघौली ब्लाक में तीन, सेमरियावां व हैंसर बाजार ब्लॉक में दो-दो तथा मेंहदावल ब्लॉक में एक व्यक्ति संक्रमित पाया गया है। अब तक कोरोना से दस लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 550 पाॅजिटिव मरीज स्वस्थ होकर अपने घर पर पहुंचे हैं। वर्तमान में 226 कोरोना पाॅजिटिव मरीजों का उपचार चल रहा है।

कुशीनगर से गोरखपुर मेडिकल काॅलेज भेजे गए नमूनों में मंगलवार की सुबह 15 की रिपोर्ट मिली, जिसमें सभी पॉजिटिव पाये गये हैं। जनपद में कुल संक्रमितों की संख्या 540 हो गई है। वहीं अब तक 10 लोगों की संक्रमण से मौत हो चुकी है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनपी गुप्ता ने बताया कि अब तक कुल 354 लोग स्वस्थ होकर घर भेजे जा चुके हैं। आज पॉजिटिव पाये गये लोगों को इलाज के लिए लक्ष्मीपुर में बनाए गए कोविड अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। उनके सम्पर्क में आने वाले को चिह्नित कर सूची बनाई जा रही है।

बस्ती जनपद में मंगलवार को बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर और जिला अस्पताल के ट्रूनेट जांच मशीन से जारी की गई रिपोर्ट में 17 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इसी के साथ जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 777 पहुंच गई है।

संक्रमितों को लेवल-1 अस्पताल ओपेक चिकित्सालय कैली, जवाहर नवोदय विद्यालय रुधौली व परशुरामपुर में शिफ्ट कराया जा रहा है। जनपद में कोरोना वायरस के संक्रमण से मरने वालों की संख्या 21 हो चुकी है। वहीं अब तक 431 लोग इलाज के बाद स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। इसके अलावा सक्रिय मरीजों की संख्या 317 हो गई है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एके गुप्ता ने बताया कि संक्रमित मिले मरीजों के संपर्क में रहने वाले लोगों की सूची तैयार की जा रही है।

वाराणसी में सोमवार की शाम से मंगलवार पूर्वाह्न 11 बजे तक बीएचयू लैब से प्राप्त 271 रिपोर्ट में से 37 नये कोरोना संक्रमित मरीज पाये गये। इस प्रकार वाराणसी जनपद में कुल कोरोना मरीजों की संख्या 268 हो गया है। जबकि 921 मरीज स्वस्थ होकर अपने अपने घरों के लिए डिस्चार्ज हो चुके हैं। वर्तमान में सक्रिय मरीजों की संख्या 1303 है, जबकि 44 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है।

ताजनगरी आगरा में सोमवार रात जारी रिपोर्ट के मुताबिक 25 नए केस सामने आए थे, कुल कोरोना संक्रमित 1,677 हो चुके हैं। इस समय 205 सक्रिय मामले हैं। वहीं अब तक 1,375 लोग इलाज के बाद ठीक होकर घर भेजे जा चुके हैं। इसके अलावा अब तक 97 लोगों की मौत हुई है। जनपद में स्‍वस्‍थ होने की दर अब 81.9 फीसदी पर आ गई है।

वहीं शाहजहांपुर में कोरोना संक्रमित व्यापारी की सोमवार देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। व्यापारी को करीब एक सप्ताह पहले मेडिकल कॉलेज के एल—2 अस्पताल में भर्ती कराया था। सोमवार को तबीयत ज्यादा खराब होने की वजह से उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया था। रात करीब एक बजे उनकी मौत हो गई। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एयूपी सिन्हा के मुताबिक मरीज को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। उनकी वेंटीलेंटर पर मौत हो गई।

बरेली में आज 262 नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आये हैं, जिसमें चार पुलिसकर्मी भी हैं। इनमें तीन शेरगढ़ थाना और एक बारादरी थाने के सिपाही की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जनपद में सक्रिय मामलों की संख्या अब 1,009 हो गई है।

फिरोजाबाद में 9 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमित लोगों का कुल आंकड़ा 671 पहुंच गया है। जिले में इस समय सक्रिय मामलों की संख्या है 58। अब तक 41 लोगों की मौत हो चुकी है। पीलीभीत में 23 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें पीलीभीत शहर से 09, बीसलपुर से 04, बरखेड़ा से 03 और पूरनपुर से 07 मामले सामने आए हैं। जनपद में सक्रिय मामलों की संख्या 278 है। हमीरपुर जनपद में एडीएम के चालक सहित 15 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। एडीएम के चालक उसकी पत्नी और तीन पुलिसकर्मियों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।

प्रयागराज में सोमवार की देर रात तक 149 नए पॉजिटिव केस मिले। यह संख्या अब तक की जिले में सबसे अधिक है। नए पॉजिटिव मरीजों में हंडिया में तैनात एक राजस्व निरीक्षक व कोविड अस्पताल बेली के आठ स्टाफ भी शामिल हैं। जबकि रेलवे के इंजीनियर भी कोरोना की जद में मिले हैं। अन्य मरीज शहर के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं। वहीं एसआरएन कोविड अस्पताल में भर्ती 37 वर्षीय एक कोरोना संक्रमित मरीज की मौत हो गई। वह शिवकुटी का रहने वाला था।

इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि अप्रैल, 2020 में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिदिन लगभग 06 हजार टेस्ट किए जा रहे थे। इसमें प्रदेश का योगदान 06 प्रतिशत था। जुलाई, 2020 में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिदिन सम्पन्न होने वाली कोरोना जांचों में राज्य का योगदान बढ़कर 15 प्रतिशत हो गया है। इसे बढ़ाकर 20 प्रतिशत किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 23 मार्च को राज्य में 72 टेस्ट हुए थे। 26 जुलाई को 01 लाख 06 हजार से अधिक टेस्ट किए गए हैं। राज्य में आरटीपीसीआर, ट्रनैट मशीन तथा रैपिड एंटीजन किट के माध्यम से टेस्ट किए जा रहे हैं। आरटीपीसीआर के माध्यम से राज्य में प्रतिदिन 40 हजार से अधिक टेस्ट हो रहे हैं। रैपिड एंटीजन किट के माध्यम से प्रतिदिन 56 हजार टेस्ट हो रहे हैं। इन्हें बढ़ाकर प्रतिदिन 01 लाख किए जाने का प्रयास किया जा रहा है। राज्य में प्रति 10 लाख टेस्ट की संख्या बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button