कुशल पंजाबी के सुसाइड पर सबसे बड़ा खुलासा, एक रात पहले हुआ था ये

मुंबई। टीवी और बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता कुशल पंजाबी ने 27 दिसंबर को आत्महत्या कर ली थी। इस चौंकाने वाली खबर ने इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया था। वहीं कुशल के माता-पिता तो जैसे टूट ही गए। करीबी दोस्तों को भी यकीन नहीं हो रहा था कि अकसर हंसते-मुस्कुराते दिखने वाले कुशल ऐसा कदम भी उठा सकते हैं। कुशल की मौत के बाद उनसे जुड़ी कई बातें सामने आई हैं। माना जा रहा है कि वो अपनी शादीशुदा जिंदगी को लेकर परेशान थे। वहीं हाल ही में उनके पिता ने बताया कि आत्महत्या से एक रात पहले क्या हुआ था।

कुशल आत्महत्या से पहले पार्टी में भी शामिल हुए थे। वहीं स्पॉटबॉय की रिपोर्ट के मुताबिक कुशल के पिता ने बताया कि आत्महत्या से एक रात पहले वो बिल्कुल ठीक थे। उन्होंने कहा कि उसने मेरे साथ डिनर और ड्रिंक भी किया था और वो बिल्कुल ठीक था, हमारे बीच कोई खास बातचीत नहीं हुई, वैसी ही बात हुई जैसे एक बाप-बेटे की बीच होती है। पिता ने कुशल की सीरियस इंजरी के बारे में भी बताया।

उन्होंने बताया कि कुशल सर्किट रेस के दौरान घायल हो गया था। उसके कंधे की सर्जरी होनी थी और इसमें उसे कुछ समय तक अपने कंधे को बिल्कुल भी नहीं हिलाना था। इससे पहले कुशल के दोस्त कुशाल टंडन ने उनकी मां की हालत के बारे में भी बताया था। कुशाल ने बताया था कि उन्होंने मुझसे पूछा कि तुम्हारा नाम भी कुशल है ना? मेरे पास बैठो। उन्होंने मेरा हाथ पकड़ा और पूछने लगीं कि वो तुम लोगों के साथ पार्टी में भी गया था। कैसा था वो?

बता दें कि कुशल के करीबी दोस्त चेतन हंसराज को कुशल के माता-पिता ने फोन करके बताया था कि उसके फ्लैट का दरवाजा नहीं खुल रहा है, चाबीवाले से ताला खुलवाया गया। जिसके बाद पाया गया कि कुशल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। चेतन हंसराज ने ही खुलासा किया था कि कुशल की शादीशुदा जिंदगी में परेशानियां चल रही थीं। उनकी पत्नी बेटे को लेकर फ्रांस में अलग रहती थीं। कुशल अपने बेटे से बहुत प्यार करते थे। उन्होंने अपनी प्रॉपर्टी के भी दो हिस्से किए हैं, जिसमें 50 परसेंट माता-पिता और 50 परसेंट बेटे को दिया है।

Back to top button