कुलगाम हमले के बाद हाई लेवल बैठक: एक्शन मोड में एलजी मनोज सिन्हा

कुलगाम आतंकी हमले के बाद उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक में बाहरी मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा, उनका बीमा और पुलिस पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शनिवार को उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को बाहरी राज्यों से आए मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, मंडलायुक्त, आईजीपी, उपायुक्त, एसएसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

उपराज्यपाल ने सभी उपायुक्तों (डीसी) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) को निर्देश दिए कि जम्मू-कश्मीर में काम कर रहे बाहरी मजदूरों की सुरक्षा के लिए लागू स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी ) की व्यापक समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि सभी नियोक्ता यह सुनिश्चित करें कि दूसरे राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आए प्रत्येक मजदूर का बीमा कराया जाए और उनका विवरण स्थानीय पुलिस एवं जिला प्रशासन के पास पंजीकृत हो।

बैठक में कुलगाम आतंकी हमले के बाद की सुरक्षा स्थिति की भी समीक्षा की गई। उपराज्यपाल ने सुरक्षा एजेंसियों को आतंकियों के खिलाफ सटीक और प्रभावी आतंकवाद विरोधी अभियान तेज करने के निर्देश देते हुए कहा कि आतंकियों का जल्द से जल्द सफाया किया जाना चाहिए। उन्होंने कुलगाम हमले में मारे गए मजदूरों के अंतिम संस्कार को सम्मानजनक ढंग से संपन्न कराने और शोक संतप्त परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।

बैठक में जारी अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। उपराज्यपाल ने अधिकारियों को यात्रा मार्ग और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा ग्रिड को और मजबूत बनाने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Back to top button