कारीगर की लाश मिली खेत में, दहशत में लोग…

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के एक गांव में लाश मिलने से इलाके में दहशत पैदा हो गया है। यह निर्मम हत्या सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के करीमाबाद गांव में हुई है। जहां दो साल से दोस्त के घर रह रहे राजगीर मिस्त्री की लाठी-डंडों से पीटकर व गला दबाकर हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह उसका शव दोस्त के घर से ढाई सौ मीटर दूर गांव के बाहर खेत में खून से लथपथ मिला।

घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। फतेहपुर चौरासी के मुन्नीखेड़ा गांव निवासी मान सिंह (32) पुत्र देवीदयाल निवासी मुन्नीखेड़ा पिछले दो साल से करीमाबाद सफीपुर गांव निवासी राज बहादुर के घर रहकर राजमिस्त्री का काम कर रहा था। 12 वर्ष पूर्व उसकी शादी बांगरमऊ मढ़ापुर गांव की मंजू से हुई थी।
पति से अनबन के चलते वह पिछले 5 साल से बेटी मानसी व बिट्टी के साथ मायके में रह रही थी। जिसके बाद मान सिंह अकेला ही जीवन यापन कर रहा था। मृतक के चेहरे व गले में चोट के निशान मिलने से गला दबाए जाने की चर्चा है। शव के पास खून से सना डंडा पड़ा होने से इसी डंडे से हत्या की संभावना जताई गई। पुलिस ने कहा कि कुछ सुराग मिले हैं जिसके अनुसार कारवाई की जाएगी।





