कानून व्यवस्था पर अखिलेश ने सरकार पर साधा निशाना, बोले-असामाजिक तत्वों को सरकार का डर नहीं

लखनऊ। आगरा में एक छात्रा को पेट्रोल डालकर जलाए जाने की कोशिश की घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार को घेरा है। उन्होंने ट्वीट किया-‘यह घटना बताती है कि हमारे प्रदेश में अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हैं। ऐसा दो ही वजह से हो सकता है। या तो असामाजिक तत्वों को सरकार का डर नहीं है या फिर उन्हें सरकार का संरक्षण प्राप्त है।’

इससे पहले पार्टी विधानमंडल दल की बैठक को संबोधित करते हुए भी उन्होंने कानून व्यवस्था और किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बुनियादी मुद्दों से भाजपा मुंह छिपाती है। किसानों और नौजवानों की समस्याओं पर कोई चर्चा नहीं होती है। भ्रष्टाचार भी एक बड़ा मुद्दा है।

सपा को बदनाम करना भाजपा का एजेंडा 

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा डरी हुई है। समाजवादी पार्टी को बदनाम करना भाजपा का एजेंडा है। उसने किसानों को तबाह किया है। नौजवानों के सपनों को तोड़ा है। समाज में दूरी पैदा की है और समाज में नफरत पैदा की है। कानून व्यवस्था चौपट है। प्रदेश में अराजकता का राज है। मुख्यमंत्री जी की ठोंको भाषा से भी माहौल बिगड़ा है। सत्तारूढ़ दल के लोग पुलिस पर हमला कर रहे हैं। ऐसे तमाम मुद्दों पर समाजवादी पार्टी सदन और सड़क पर संघर्ष जारी रखेगी। बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा, विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष अहमद हसन, विधानसभा में उपनेता इकबाल महमूद, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल मौजूद रहे। 

Back to top button