कानपुर एनकाउंटर की जांच के लिए एसआईटी गठित, प्रमुख सचिव संजय भूसरेड्डी समेत ये अफसर करेंगे जांच
(मीडिया स्वराज़ डेस्क)
लखनऊ. योगी सरकार ने कानपुर में एनकाउंटर की घटना की जाँच के लिए तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन कर दिया है। यह एसआईटी इस पूरे मामले की गहनता से जांच करेगी। इस एसआईटी का अध्यक्ष सीनियर आईएएस अपर मुख्य सचिव संजय भूसरेड्डी को बनाया गया है। वहीं एडीजी हरि राम शर्मा और पुलिस उपमहानिरीक्षक जे रविंद्र गौड़ को इसका सदस्य बनाया गया है। यह एसआईटी बिकरू गांव हत्याकांड, विकास दुबे की संपत्ति, विकास दुबे एनकाउंटर प्रकरण और मुकदमे की जांच करेगी। यह एसआईटी जांच के बाद अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेगी। यह जांच आख्या 31 जुलाई तक शासन को सौंप देनी है।
गैंगस्टर की मौत के बाद जन सामान्य से लेकर विपक्ष ने योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। ऐसे आरोप लगाए गए कि गैंगस्टर विकास दुबे का जबरन एनकाउंटर किया गया, जिससे कई सफेदपोशों और अफसरों बचाया जा सके। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की थी।





