कांग्रेस पर मांझी ने लगाया बड़ा आरोप, कहा- इस कारण महागठबंधन की सीट शेयरिंग में हो रही दिक्‍कत

हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतनराम मांझी ने एक बार बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने महागठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर हो रही प्रॉब्लम के लिए कांग्रेस को जिम्‍मेवार ठहराया है। मांझी शनिवार को रांची में थे और रिम्स में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मिलने के बाद मीडिया को संबोधित कर रहे थे। हालां‍कि रिम्‍स से निकलने के बाद उनके चेहरे पर निराशा थी और उस समय मीडिया से बात नहीं की। लेकिन बाद में उन्‍होंने बात की तो कांग्रेस पर अपना ठीकरा फोड़ दिया। लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि लालू यादव ने सम्मानजनक सीटें देने का भरोसा दिया है। राजद सुप्रीमो ने तेजस्वी यादव और अखिलेश प्रसाद सिंह को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिये हैं।  कांग्रेस पर मांझी ने लगाया बड़ा आरोप, कहा- इस कारण महागठबंधन की सीट शेयरिंग में हो रही दिक्‍कत
पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने मीडिया से बात करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस के कारण सीटों के बंटवारे में दिक्कत हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अधिक सीटें मांग रही है। लेकिन लालू यादव ने हम पार्टी को नजरअंदाज नहीं करने का भरोसा दिया है। 

मांझी ने कहा कि लालू यादव ने अपने बेटे तेजस्वी यादव और कांग्रेस के राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह को फोन कर कहा है कि इसी सप्ताह सीट शेयरिंग पर फैसला कर लें। उन्होंने सम्मानजनक सीट देने की बात कही है। वहीं सूत्रों की मानें तो मांझी महागठबंधन में चार सीटें मांग रहे हैं। 

गौरतलब है कि मांझी पिछले कई दिनों से महागठबंधन में नाराज चल रहे हैं। वे लगातार कह रहे हैं कि रालोसपा और विकासशील इंसान पार्टी से वे कम सीटें नहीं लेंगे। हम पार्टी का कद कांग्रेस के बराबर है। रालोसपा के उपेंद्र कुशवाहा और वीआइपी पार्टी के मुकेश सहनी तो हाल में महागठबंधन में आए हैं। ऐसे में उनसे अधिक सीटें हम पार्टी को मिलनी चाहिए। इसी सब मुद्दों को लेकर मांझी शनिवार को लालू यादव से मिलने रांची गए हुए थे। 

Back to top button