कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद जम्मू-कश्मीर के दौरे पर आज आ रहे हैं श्रीनगर

पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद शुक्रवार से जम्मू-कश्मीर के दौरे पर हैं। अनुच्छेद 370 हटने के बाद यह जम्मू-कश्मीर का आजाद का पहला दौरा होगा। इससे पहले वह तीन बार जम्मू-कश्मीर में आए, लेकिन पुलिस-प्रशासन ने उन्हें एयरपोर्ट से ही लौटा दिया। आजाद शुक्रवार दोपहर को श्रीनगर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद अपने चार दिवसीय दौरे के दौरान वह श्रीनगर, अनंतनाग और बारामुला में दैनिक भोगियों और श्रमिकों से मिलेंगे। राज्य सभा में नेता प्रतिपक्ष आजाद का दौरा सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद ही संभव हो गया है।

सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस रंजन गगोई ने आजाद को सोमवार को श्रीनगर, जम्मू, बारामुला और अनंतनाग चार जिलों में आने की इजाजत दी थी। आजाद की ओर से कहा गया था कि वह श्रीनगर में जाकर लोगों से मिलना चाहते हैं। उनकी समस्याओं को जानना चाहते हैं। आजाद ने कहा था कि उन्होंने इससे पहले तीन बार जम्मू-कश्मीर में जाने का प्रयास किया लेकिन तीनों ही बार उन्हें एयरपोर्ट से भेज दिया गया।

आजाद ने सुप्रीम कोर्ट से उन्हें अपने घरवालों और परिजनों से भी मिलने की इजाजत देने को कहा। इसके अलावा सामाजिक हालात जानने की भी इजाजत मांगी थी। वहीं आजाद के दौरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकर्ता उत्साहित हैं। अनुच्छेद 370 हटने के बाद कांग्रेस के किसी वरिष्ठ नेता का जम्‍मू-कश्मीर में यह पहला दौरा है। पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी श्रीनगर में आए थे लेकिन उन्हें श्रीनगर एयरपोर्ट से वापस भेज दिया गया था।

Back to top button