कांग्रेस के राजस्थान से राज्यसभा उम्मीदवार मनमोहन सिंह कल करेंगे नामांकन…

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह इस बार असम की जगह राजस्थान से राज्यसभा जाएंगे। मनमोहन सिंह 13 मंगलवार को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। मनमोहन फिलहाल किसी सदन के सदस्य नहीं हैं। राजस्थान में भाजपा के मदनलाल सैनी के निधन के बाद खाली हुई सीट से कांग्रेस मनमोहन सिंह को राज्यसभा भेजेगी।

राजस्थान विधानसभा में विधायकों की संख्या बल के लिहाज से भाजपा पर कांग्रेस भारी है। मनमोहन सिंह की जीत पक्की करने को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को बसपा विधायकों से चर्चा की। गहलोत ने निर्दलीय विधायकों से भी टेलीफोन पर बात की है।
यह है गणित
कांग्रेस के पास अपने 100 विधायकों के अलावा 12 निर्दलीय, छह बसपा, दो बीटीपी और एक राष्ट्रीय लोकदल के विधायकों का भी समर्थन हासिल है। ऐसे में मनमोहन सिंह को राजस्थान से राज्यसभा भेजने में कोई अड़चन नहीं आएगी। भाजपा के विधायकों की संख्या 72 है। एक निर्दलीय विधायक और दो हनुमान बेनीवाल की पार्टी के विधायकों का समर्थन भाजपा को हासिल है।
इस लिहाज से भाजपा के पास 75 का आंकड़ा है। भाजपा ने अपनी रणनीति तय करने के लिए मंगलवार को विधायकों की बैठक बुलाई है। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस पहले उन्हें तमिलनाडु से राज्यसभा सदस्य बनाना चाहती थी, लेकिन डीएमके से पार्टी की बात नहीं बन पाई। ऐसे में मनमोहन सिंह के लिए राजस्थान से राज्यसभा सीट सबसे सुरक्षित मानी जा रही है। राजस्थान के अलावा किसी दूसरे राज्य में राज्यसभा की सीट खाली नहीं हो रही है।
मनमोहन सिंह का राज्यसभा में कार्यकाल 14 जून को खत्म हो गया। वे असम से लगातार पांच बार राज्यसभा सांसद रह चुके हैं। राजस्थान में 26 अगस्त को राज्यसभा की एक सीट के लिए चुनाव होगा। मतगणना उसी दिन की जाएगी। 14 अगस्त नामांकन भरने की अंतिम तारीख है। 19 अगस्त नाम वापसी की आखिरी तारीख रखी गई है।





