कस्बे के गांव कीर पिंड में दो व्यक्तियों के बीच हुई कहासुनी के दौरान, रिटायर्ड एएसआइ को ईंट से वार कर मार डाला

जम्मू से आठ किलोमीटर की दूरी पर स्थित मीरां साहिब के गांव कीर पिंड में गांव के ही दो व्यक्तियों के बीच हुई कहासुनी के दौरान एक ने दूसरे के सिर पर ईंट से हमला कर दिया। हमले में गंभीर घायल की जीएमसी में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान पुलिस के रिटायर्ड एएसआइ अमरनाथ (60) पुत्र टुंडा राम निवासी कीर पिंड के रूप में हुई।

बताया जा रहा है कि आरोपित शराब के नशे में धुत था। इसके चलते उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने आरोपित बिशनदास निवासी कीर पिंड को हिरासत में ले लिया है। बताया जाता है कि रविवार रात करीब 12 बजे दोनों गांव के चौक में बैठे हुए थे। एकाएक दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। इस बीच बात बढ़ने पर बिशनदास ने अपने से दुगुनी उम्र के अमरनाथ की छाती पर बैठ कर उसके सिर पर ईंट से कई वार कर दिए। इससे वह गंभीर घायल हो गया। हमला करने के बाद आरोपित मौके से भाग गया।

परिजनों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को जीएमसी में भर्ती कराया, जहां सोमवार तड़के 3.30 बजे उसकी मौत हो गई। कुलियां चौकी प्रभारी जुगल शर्मा की अगुआई में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपित को गांव में ही उसके छिपने के ठिकाने से हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी गुरपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपित के खिलाफ 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों के हवाले कर दिया। उधर, घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

Back to top button