कर्नाटक में सियासी संकट, तो अगले सप्ताह तक सरकार बनाने का दावा करेगी भाजपा?

कुमार स्वामी के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार में मंत्री पद को लेकर कांग्रेसी विधायकों में असंतोष थमता नजर नहीं आ रहा है। हाल ही में मंत्रिमंडल में शामिल हुए मंत्रियों के विभाग की घोषणा बृहस्पतिवार को हो सकती है। इसी को लेकर बुधवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिन भर माथा पच्ची करते रहे। बैठक के बाद अंतिम फैसला अब कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर छोड़ दिया है। पार्टी ने उन्हें संबंधित मंत्री और उनके विभागों की सूची भेजी है।कर्नाटक में सियासी संकट, तो अगले सप्ताह तक सरकार बनाने का दावा करेगी भाजपा?

कांग्रेसी नेताओं को मनाने और मंत्रालय संबंधित रजामंदी के लिए कांग्रेस महासचिव और कर्नाटक  प्रभारी केसी वेणुगोपाल ने बुधवार को वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं के साथ कई दौर की बैठक की। दरअसल नए मंत्री विभागों के लिए अपने पक्ष में पैरवी कर रहे हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक कई वरिष्ठ मंत्री अपने पास मौजूद अहम मंत्रालय छोड़ने को तैयार नहीं है, जो कि पार्टी के लिए चिंता का विषय है। 

वहीं भाजपा के वरिष्ठ विधायक उमेश कट्टी ने बुधवार को दावा किया कि वह कांग्रेस-जद(एस) गठबंधन से नाखुश चल रहे 15 विधायकों के संपर्क में हैं और यदि वे पार्टी में आना चाहें तो उनका स्वागत किया जाएगा। आठ बार से विधायक ने दावा किया कि भाजपा अगले सप्ताह तक नयी सरकार बनाएगी। हालांकि इस दावे पर कांग्रेस ने बेहद कड़ी प्रतिक्रिया दी है। प्रदेश कांग्रेस प्रमुख दिनेश गुंडु राव ने पलटवार करते हुए कहा कि लोगों को भ्रमित करने के लिए काल्पनिक बयान ना दें।

कर्नाटक में हाल ही में हुए कैबिनेट विस्तार में मंत्रीपद नहीं पाने के कारण कांग्रेस विधायकों में चल रही नाराजगी के बीच कट्टी का यह बयान आया है। हालांकि भाजपा के प्रदेश प्रमुख बी. एस. येदियुरप्पा ने एक अलग बयान में कहा कि पार्टी कांग्रेस के किसी भी विधायक के संपर्क में नहीं है।

कांग्रेस विधायक दल के नेता सिद्धारमैया, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दिनेश गुंडु राव और उप मुख्यमंत्री जी परमेश्वर के साथ बैठक के बाद वेणुगोपाल ने कहा कांग्रेसी नेताओं से विचार विमर्श कर विभाग बंटवारे की सूची कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की मंजूरी को भेजी जा रही है। वहीं राव ने कहा कि बैठक उपयोगी रही। उन्होंने कुछ मंत्रियों द्वारा दो से तीन मंत्रालय में से एक भी दूसरे के लिए नहीं छोड़ने की बातों को अनावश्यक पूर्वानुमान बताया। 

उन्होंने कहा कि इस तरह की सभी खबरें निराधार हैं। विभागों से संबंधित अंतिम फैसला अब राहुल गांधी को लेना है और मुझे लगता है कि बृहस्पतिवार तक पूरी स्थिति साफ हो जाएगी। मंत्रालय से हटाए जाने पर विधायक रमेश जरकिहोली के पार्टी से इस्तीफा देने की चेतावनी और मंत्री मंडल में शामिल न किए जाने पर वरिष्ठ कांग्रेसी विधायक रामलिंग रेड्डी की नारजगी पर राव ने कहा कि कोई भी नाराज नहीं है। सभी कांग्रेसी एकजुट हैं। 

Back to top button