आज करतारपुर कॉरिडोर की आधारशिला रखी जानी है। इससे पहले ही पंजाब सरकार में मंत्री एसएस रंधावा ने एक गजब का कारनामा कर दिया। मंत्री ने नींव पत्थर पर लिखे अपने नाम और मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के नाम पर काली टेप लगा दी। ऐसा करने का कारण पूछे जाने पर मंत्री रंधावा ने बताया कि नींव पत्थर पर प्रकाश सिंह बादल और सुखबीर बादल के नाम के विरोध में उन्होंने ऐसा किया। उन्होंने सवाल उठाया कि नींव पत्थर पर उनके नाम क्यों हैं? वे इसका हिस्सा नहीं हैं और न ही ये अकाली और बीजेपी का इवेंट है।
पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के दर्शनों के लिए डेरा बाबा नानक में सोमवार को उपराष्ट्रपति और सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह कॉरिडोर का नींव पत्थर रखेंगे। इसके लिए डेरा बाबा नानक के काहलांवाली चौक के पास गांव मान में एक बड़ा पंडाल लगाया जा रहा है। पुलिस की ओर से कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
समारोह में उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू के साथ पंजाब के गवर्नर वीपी सिंह बदनौर, सीएम कैप्टन अमिरंदर सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल, कैबिनेट मंत्री सुखिजंदर सिंह रंधावा, कैबिनेट विजय इंद्र सिंगला, सुखबीर सिंह बादल, पंजाब कांग्रेस प्रधान सुनील जाखड़ समेत अन्य कई राजनीतिक शख्सियतें उपस्थित होंगी। रविवार शाम को कैबिनेट मंत्री पंजाब सुखजिंदर सिंह रंधावा ने तैयारियों का जायजा लिया। रविवार देर शाम को समारोह में लगने वाले पंडालों के बारे में डीसी गुरदासपुर विपुल उज्ज्वल ने साफ कर दिया कि समारोह के लिए केवल एक ही पंडाल वह भी गांव मान में ही लगेगा। सारा प्रोग्राम वहीं होगा।
जानकारी के अनुसार उप राष्ट्रपति का हेलिकॉपटर आर्मी की छावनी में ही उतरेगा। पूरी बार्डर रेंज की पुलिस इस समारोह की सुरक्षा में लगी हुई है जिसकी अगुवाई आईजी बार्डर रेंज एसपीएस परमार कर रहे हैं। वहीं जानकारी के अनुसार इस मौके पर समूची अकाली लीडरशिप पहुंचेगी और सुबह आठ बजे डेरा बाबा नानक के गुरुद्वारा साहिब से माथा टेककर अरदास करेंगे। वहां से शबद गायन करते हुए नींव पत्थर वाले स्थल पर पहुंचेंगे। इसके अलावा एसजीपीसी प्रधान लौंगोवाल के अलावा संत समाज और अन्य धार्मिक शख्सियतें शिरकत करेंगी।
अकालियों को भी इस नेक काम में शामिल किया गया
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की पूरी लीडरशीप और पार्टी वर्कर श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर के नींव पत्थर समारोह में आज धार्मिक विधि-विधान से शबद गायन के साथ शामिल होंगे। यह जानकारी पार्टी के सीनियर अध्यक्ष व प्रवक्ता डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने जारी एक बयान में दी।
उन्होंने कहा कि हर नानक नाम लेवा के लिए यह बहुत ही सौभाग्यशाली समय है कि केंद्र की एनडीए सरकार के कारण सिख संगत की चिरकालीन इच्छा पूरी हो रही है और इसकी शुरुआत के लिए देश के उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और केंद्र सरकार के मंत्री भी पहुंच रहे हैं।
शिअद की समूची लीडरशिप पार्टी के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व में 26 नवंबर, 2018 को सुबह 8 बजे श्री दरबार साहिब डेरा बाबा नानक पहुंचेगी, जहां गुरबाणी के मनोहर कीर्तन के बाद आभार व्यक्त करने के लिए अरदास की जाएगी। इसके बाद पूरी संगत शबद गायन के साथ पैदल नींव पत्थर वाले समारोह में शामिल होने के लिए पहुंचेगी।
उन्होंने कहा कि एसजीपीसी के अध्यक्ष गोबिंद सिंह लौंगोवाल के अलावा पार्टी की कोर कमेटी के सभी सदस्य, जत्थेदार साहिबान, सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक, एसजीपीसी के सभी सदस्य और पार्टी के अन्य सीनियर नेता भी समारोह में शामिल होंगे। उन्होंने सारी साध संगत को सुबह 8 बजे श्री दरबार साहिब डेरा बाबा नानक में पहुंचने की अपील की।