ऑस्ट्रेलियाई और पाकिस्तान बीच आज होगा मुकाबला, यह मैच दोपहर 3.00 बजे से खेला जाएगा

पांच बार की विजेता ऑस्ट्रेलियाई टीम बुधवार को वर्ल्ड कप-2019 के एक अहम मैच में पाकिस्तान से भिड़ेगी. टाउंटन में यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3.00 बजे से खेला जाएगा. वनडे वर्ल्ड कप में दोनों के बीच अब तक 9 मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिनमें से ऑस्ट्रेलिया ने 5 और पाकिस्तान ने 4 मैच जीते हैं.
वेस्टइंडीज के हाथों पहले मैच में 7 विकेट से मात खाने के बाद पाकिस्तान ने बेहतरीन अंदाज में वापसी की और अपने दूसरे मैच में इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम को हराया. उसका तीसरा मैच रद्द हो गया था.
ऑस्ट्रेलिया को अपने पिछले मैच में भारत ने हराया है. वह अब जख्मी शेर की तरह पाकिस्तान के खिलाफ घात लगाए बैठी है. पाकिस्तान का यह चौथा मैच है. तीसरे मैच में उसका सामना श्रीलंका से होना था, लेकिन वह मैच बारिश के कारण धुल गया
पाकिस्तान की कोशिश होगी कि वह उसी जुझारूपन और जुनून से खेले जैसे वे इंग्लैंड के खिलाफ खेली थी. उस मैच में अच्छी बात यह थी कि टीम की बल्लेबाजी शानदार रही थी. इमाम उल हक और फखर जमां ने टीम को बेहतरीन शुरुआत दी थी और बड़े स्कोर की नींव रखी थी. इसके बाद मोहम्मद हफीज और बाबर आजम ने टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया था, जिसमें कप्तान सरफराज अहमद ने भी अर्धशतकीय पारी खेल योगदान दिया था.
ऑस्ट्रेलिया के सामने भी उसे इसी तरह की बल्लेबाजी करनी होगी, लेकिन साथ ही मिशेल स्टार्क, पैट कमिंस, नाथन कूल्टर नाइल की तिकड़ी का सामना करना पड़ा था. इन तीनों को पिछले मैच में भारतीय बल्लेबाजों ने खूब पिटा था, लेकिन इस तिकड़ी में वापसी करने का दम है.
पाकिस्तान की बल्लेबाजी भारत की तरह मजबूत नहीं है और ऐसी बहुत संभावना है कि आस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का पलड़ा इस मैच में भारी रहे. स्पिन में लेग स्पिनर एडम जाम्पा और ग्लैन मैक्सवेल से ऑस्ट्रेलिया को उम्मीदें होंगी.
वहीं, अगर पाकिस्तानी गेंदबाजी और ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी के बारे में बात की जाए तो यहां भी आस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के हावी होने की ज्यादा संभावना है.
डेविड वॉर्नर, एरॉन फिंच और स्टीव स्मिथ तीनों फॉर्म में हैं. इन तीनों के अलावा उस्मान ख्वाजा भी बड़ी पारी खेलने का दम रखते है. भारत के खिलाफ टीम बेशक मैच हार गई हो, लेकिन अंत में एलेक्स कैरी ने टीम के लिए तेजी से रन बनाए थे.
पाकिस्तान की गेंदबाजी को हल्के में लेना गलती हो सकती है. इंग्लैंड के खिलाफ मोहम्मद आमिर और वहाब रियाज ने जो स्पेल फेंका था वो बताता है कि यह किसी भी बल्लेबाजी आक्रमण को अपने अनुभव से मात देने का दम रखते हैं. आमिर और रियाज अगर उसी फॉर्म को जारी रख सके तो आस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के लिए परेशानी हो सकती है.
टीमें-
पाकिस्तान : सरफराज खान (कप्तान/विकेटकीपर), फखर जमां, इमाम उल हक, बाबर आजम, आसिफ अली, शोएब मलिक, मोहम्मद हफीज, हारिस सोहेल, शादाब खान, इमाद वसीम, शाहीन आफरीदी, हसन अली, मोहम्मद हसनेन, वहाब रियाज, मोहम्मद आमिर.
ऑस्ट्रेलिया : एरॉन फिंच (कप्तान), जेसन बेहरनडोर्फ, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), नाथन कूल्टर नाइल, पैट कमिंस, उस्मान ख्वाजा, नाथन लियोन, शॉन मार्श, ग्लैन मैक्सवेल, केन रिचर्डसन, स्टीव स्मिथ, मिशेल स्टार्क, मार्कस स्टोइनिस, डेविड वॉर्नर, एडम जाम्पा.
There's absolutely no chance Australia will take Pakistan lightly in their crucial World Cup clash tonight #CWC19 pic.twitter.com/zrV8D3r7T9
— cricket.com.au (@cricketcomau) June 12, 2019





