एशिया कप फाइनल में टीम इंडिया से होगी भिड़ंत, खिताबी मुकाबले से पहले क्या बोले मुर्तजा

बांग्लादेश के कप्तान मशरफे मुर्तजा ने कहा कि अगर उनकी टीम को शुक्रवार को एशिया कप फाइनल में भारत को चुनौती देनी है तो उसे सभी विभागों में सुधार करना होगा।एशिया कप फाइनल में टीम इंडिया से होगी भिड़ंत, खिताबी मुकाबले से पहले क्या बोले मुर्तजा

बांग्लादेश ने बुधवार को सुपर चार मैच में पाकिस्तान को 37 रन से हराकर फाइनल में जगह बनायी जहां उसका सामना भारत से होगा।

मुर्तजा ने कहा, ‘हम सभी जानते हैं कि भारत काफी मजबूत और दुनिया में नंबर एक टीम है। हमें अब भी अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी में थोड़ा सुधार करने की जरूरत है।’

उन्होंने कहा, ‘हमें शाकिब अल हसन और तमीम इकबाल की कमी खलेगी लेकिन बाकी खिलाड़ियों ने अपना जज्बा दिखाया। अब जबकि एक मैच बचा है तब उम्मीद है कि खिलाड़ी दमदार खेल का प्रदर्शन करेंगे।’

शाकिब उंगली में चोट के कारण स्वदेश लौट गए हैं जबकि तमीम शुरुआती मैच में चोटिल होने के कारण एशिया कप से बाहर हो गए थे।

पाकिस्तान के खिलाफ जीत पर क्या बोले?

मुर्तजा ने पाकिस्तान पर अपनी जीत के बारे में कहा, ‘गेंदबाजों ने अपनी भूमिका अच्छी तरह से निभायी विशेषकर तब जबकि हमने बहुत बड़ा स्कोर नहीं बनाया था। हमने अपनी रणनीति में थोड़ा बदलाव किया। अमूमन मैं गेंदबाजी का आगाज करता हूं, लेकिन इस मैच में मेहदी हसन मिराज ने गेंदबाजी की शुरुआत की।’

उन्होंने कहा, ‘मुश्फिकुर रहीम और मिथुन ने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की।’

Back to top button