एनएसयूआइ ने आयुष शिक्षा कॉलेजों की मनमानी के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए किया पुतला दहन…

भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआइ) ने आयुर्वेद विश्वविद्यालय से संबद्ध निजी आयुष शिक्षा कॉलेजों की मनमानी के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया। 
राजपुर रोड स्थित कांग्रेस भवन से राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एनएसयूआइ ने एस्लेहॉल चौक पर पुतले को आग के हवाले कर दिया। वक्ताओं ने अरोप लगाया कि सरकार ने निजी आयुष शिक्षा कॉलेजों को खुलकर लूट मचाने की छूट दी है। इन कॉलेजों को कानून व नियम से कोई मतलब ही नहीं है। उच्च न्यायालय के आदेशों की भी अवहेलना की जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि निजी आयुष कॉलेजों द्वारा लगातार छात्रों का उत्पीड़न किया जा रहा है। नियमों के विरुद्ध छात्रों पर बढ़ा हुआ शुल्क जमा करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है, लेकिन राज्य सरकार मौन धारण किए हुए हैं।
एनएसयूआइ के जिला अध्यक्ष सौरभ ममगाईं ने कहा कि संगठन लगातार छात्र हितों के लिए संघर्षरत रही है। पिछले वर्ष भी मेडिकल में फीस बढ़ोतरी के खिलाफ एनएसयूआइ ने राज्य सरकार तक छात्रों की आवाज पहुंचाने का काम किया है। कहा कि पूर्व में प्रवेशित छात्रों से बढ़ा हुआ शुल्क वसूलने पर इन आयुर्वेद कॉलेजों में पर्वतीय क्षेत्र के गरीब परिवारों के छात्र शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
उन्होंने उच्च न्यायालय के आदेशों के बावजूद आयुष कॉलेजों द्वारा बढे हुए शुल्क को जमा करने के दबाव को सरकार के संरक्षण में छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बताया। साथ ही कहा कि इससे अभिभावकों का शोषण हो रहा है। कहा कि सरकार ने छात्र विरोधी निर्णय वापस ना लिया तो एनएसयूआइ बड़ी संख्या में मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेगी। साथ ही छात्रों का यह आंदोलन उग्र रूप लेगा। इसकी पूर्ण जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।
मौके पर मौजूद पार्षद आयुष गुप्ता, प्रदेश महासचिव सोनू कुमार, पूर्व उपाध्यक्ष विजय बिष्ट जिलासचिव, स्वर्णिम कंडारी, अभिषेक डोबरियाल जिला महासचिव, आदित्य बिष्ट, सूर्यप्रताप राणा, उदित थपलियाल, अंकित आदि मौजूद रहे।





