एडीजे को बंधक बनाकर लूटने वाले 5 आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

एडीजी को उनके घर में बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले 5 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी नशे के आदी है, पैसा खत्म होने के बाद नशे के लिए लूटने एडीजी के घर में घुसे थे।
नकाबपोश बदमाशों ने मंगलवार रात करीब डेढ़ बजे एडीजे (अतिरिक्त जिला न्यायाधीश) सुरेन्द्र कुमार शर्मा के घर धावा बोल दिया और उन्हें बंधक बनाकर लगभग डेढ़ घंटे तक घर को खंगालते रहे। घर में घुसते ही बदमाशों ने एडीजे को दबोच लिया और उन्हें बांधकर कंबल में लपेट दिया। घटना के दौरान एडीजे बदमाशों का चेहरा नहीं देख सके और न ही उनकी संख्या का उन्हें अनुमान हो पाया। उन्होंने सिर्फ बदमाशों की आवाज सुनी। हालांकि बदमाश बोलने में भी काफी सावधानी बरत रहे थे और सिर्फ नगदी रकम और ज्वेलरी तलाशने की बात कर रहे थे।
बदमाशों के घर को खंगालने के दौरान एडीजे शर्मा बंधक बने जमीन पर पड़े रहे। बदमाशों के जाने के करीब आधे घंटे बाद खासी मशक्कत से उन्होंने हाथ में बंधी रस्सी को खोला। इसके बाद तत्काल उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी। एडीजे नेशनल हाइवे के किनारे के एक निजी मकान में किराए से अकेले ही रहते हैं। उनका परिवार दिल्ली में रहता है।
दो अलमारी और एक सूटकेस खंगाला
एसपी ने बताया कि बदमाशों ने घर के अंदर एडीजे को बंधक बनाने के बाद वहां रखी दो अलमारियों और एक सूटकेस को खंगाला। वे किसी कीमती सामान और नगद राशि की तलाश में थे, लेकिन वहां ऐसा कुछ था ही नहीं जो उन्हें मिल पाता। एसपी ने कहा कि हो सकता है कि किसी केस से जुड़े अपराधियों का इसमें हाथ हो और हम इस एंगल से भी जांच करेंगे।
जज को बंदी बनाकर यातना दी
भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने दावा किया कि उमरिया के सेशंस कोर्ट के जज को उनके घर में बंदी बनाकर यातना दी गई। उन्होंने ट्वीट किया ‘जज सुरेंद्र शर्मा को किसने बंदी बनाकर यातना दी? लोकतंत्र के तीन स्तंभों में से एक न्यायपालिका के रक्षक जज भी अब सुरक्षित नहीं रहे। कमलनाथ जी, आपके राज में इस अराजकता के लिए कौन जिम्मेदार है?





