एक सीरीज के लिए 2 टीमें, नए विकेटकीपर को मिला मौका; जानिए टीम सेलेक्शन की 5 बड़ी बातें

न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे और दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का एलान हो गया है। कार्यवाहक चीफ सेलेक्टर प्रज्ञान ओझा की चेयरमैनशिप में शुक्रवार देर शाम हुई बैठक के बाद बीसीसीआई ने टीमों का एलान किया। सेलेक्टर्स को इस दौरान काफी माथापच्ची करनी पड़ी। हालांकि, कुछ खिलाड़ियों को निराशा हाथ लगी तो कुछ के हिस्से खुशी आई।
हम आपको इस टीम सेलेक्शन की पांच बड़ी बातें बताने जा रहे हैं। सेलेक्टर्स के लिए यह टीम सेलेक्शन आसान नहीं रहा क्योंकि उन्हें शेड्यूल की चुनौती और अभ्यास के समय को भी ध्यान में रखना था।
टीम सेलेक्शन की 5 बड़ी बातें
भारत को न्यूजीलैंड में पांच मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है और इसके लिए दो टीमों का एलान हुआ है। शुरुआती तीन मैचों के लिए अलग टीम तो वहीं आखिरी दो मैचों के लिए अलग टीम। पहली टीम की कप्तानी शुभमन गिल करेंगे तो वहीं आखिरी दो वनडे के लिए श्रेयस अय्यर कप्तान होंगे। ऐसा इसलिए किया गया है क्योंकि वनडे सीरीज के बाद टेस्ट सीरीज होनी है और शुरुआती तीन मैचों के लिए चुनी गई टीम में जो खिलाड़ी टेस्ट के लिए भी चुने गए हैं वह इस सीरीज की तैयारी के लिए निकल जाएंगे।
आखिरी दो वनडे मैचों के लिए झारखंड के विकेटकीपर-बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को टीम में चुना गया है। वह पहली बार टीम में आए हैं। उन्हीं के राज्य से आने वाले ईशान किशन को आखिरी दो वनडे के लिए टीम का उप कप्तान बनाया गया है।
आकाशदीप की लंबे समय बाद टेस्ट टीम में वापसी हुई है। वह इंग्लैंड दौरे के बाद चोट से परेशान थे। अब वह ठीक हो गए हैं और टीम में वापसी कर रहे हैं।
वनडे टीम में जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा को मौका नहीं मिला है। यशस्वी को भी वनडे टीम से बाहर कर दिया गया है। जडेजा और यशस्वी वेस्टइंडीज वनडे सीरीज में टीम इंडिया का हिस्सा थे।
तिलक वर्मा को आखिरी दो मैचों के लिए वनडे टीम में चुना गया है। वहीं वेस्टइंडीज के खिलाफ डेब्यू करने वाले आकिब नबी भी तिलक का साथ देंगे। अंशुल कंबोज को शुरुआती तीन वनडे मैचों के लिए टीम में चुना गया है। फिर वह टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए निकल जाएंगे।





