एक्टिवा-ट्रक में हुई टक्कर, ट्रक के साथ घसीटती चले गई दो लेडी, हुई एक की मौत तो दूसरी घायल
मोहाली.बुधवार रात करीब 8 बजे एयरपोर्ट रोड पर स्थित बाकरपुर चौक के पास एक टिपर और एक्टिवा की टक्कर हो गई। हादसा इतना भयानक था कि युवती की मौत हो गई, जबकि दूसरी की हालत काफी गंभीर बनी हुई है। युवतियों की पहचान नहीं हो पाई है। दोनों युवतियां जीरकपुर की ओर से एक्टिवा पर सवार होकर मोहाली की ओर आ रही थी।

टिपर ने एक्टिवा चालक युवतियों को साइड से हलका सा हिट किया। एक्टिवा का बैलेंस खराब हो गया और एक्टिवा टिपर के नीचे घुस गया। दोनों युवतियों और एक्टिवा को टिपर 60 मीटर दूर तक घसीटता ले गया। जब टिपर रुका तो एक्टिवा नीचे था और दोनों युवतियां बुरी तरह से लहुलुहान हो चुकी थीं। चालक टिपर मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। सड़क पर दोनों युवतियों को खून से लथपथ पड़ा देख लोग रुकने लगे और पुलिस कंट्रोल रूम पर कॉल की। करीब 15 से 20 मिनट तक कंट्रोल रूम नंबर 100 मिला ही नहीं। कुछ लोगों ने एयरपोर्ट के पास तैनात पुलिस कर्मियों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद मैसेज फ्लैश करवा कर मौके पर पुलिस बुलाई गई।
पुलिस के आने के बाद लोगों की मदद से दोनों घायल युवतियों को अस्पताल भेजा। जीएमसीएच-32 पहुंचकर डॉक्टरों की ओर से एक युवती को मृतक घोषित कर दिया गया, जबकि दूसरी युवती पीजीआई रेफर कर दिया गया। थाना सोहाना के केस आईओ सतिंदर सिंह ने बताया कि टिपर और एक्टिवा को कब्जे में लेकर थाने ले जाया गया है। मामले की जांच की जा रही है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि अगर टिपर चालक मौके से खुद न भागता और घायल युवती को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश करता तो जान बच सकती थी।
कार चालक युवती ने बाइक को मारी टक्कर, खुद को बताया सेशंस जज की बेटी, हुई फरार
मोहाली. इंटरनेशनल एयरपोर्ट रोड पर इंडस्ट्रियल एरिया फेज-7 के पास बुधवार रात तेज रफ्तार कार चालक युवती ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। बाइक सवार को कार करीब 50 मीटर तक घसीटती ले गई। राहगीरों ने जब कार चालक युवती को रोका और पूछताछ की तो उसने खुद को सेशंस जज की बेटी बताया। इसके बाद युवती गाड़ी लेकर फरार हो गई। राहगीरों ने कार का नंबर नोट कर पुलिस को दे दिया है। पुलिस ने बाइक चालक बनमाजरा निवासी अमरदीप धीमान को फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया है। उसे पीजीआई रेफर किया गया है।
इसे भी देखें:- यूपी में हुआ बड़ा दर्दनाक हादसा, 19 लोगो की हुई मौत, सीएम योगी ने की…!
पुलिस को मिला कार का नंबर
केस आईओ ने कहा कि राहगीरों ने पुलिस को यही बताया कि वह युवती खुद को किसी सेशंस जज की बेटी बता रही थी। कार का नंबर आ गया है और यह भी पता चल गया है कि युवती खरड़ में कहां रहती है। पुलिस युवती को पकड़ लेगी।





