एकेटीयू में अनुक्रमांक 13 व नामांकन संख्या 15 डिजिट में होगा जारी

लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय ( एकेटीयू ) में कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक की अध्यक्षता में परीक्षा समिति की 64 वीं बैठक हुई। बैठक में समिति द्वारा सत्र 2019-20 से नवीन डिजिट के अनुक्रमांक एवं नामांकन संख्या जारी किए जाने का निर्णय लिया गया। अब अनुक्रमांक 13 डिजिट का जबकि नामांकन संख्या 15 डिजिट का जारी किया जाएगा। अभी तक एकेटीयू के अनुक्रमांक 10 डिजिट एवं नामांकन संख्या 12 डिजिट के जारी किये जा रहे थे।
चैलेन्ज मूल्यांकन के बदले हुए पैटर्न को स्वीकृति प्रदान की
समिति द्वारा चैलेन्ज मूल्यांकन के बदले हुए पैटर्न को स्वीकृति प्रदान की गयी। चैलेन्ज मूल्यांकन के नए पैटर्न में दो इवेल्युएटर द्वारा कॉपी चेक की जायेंगी साथ उनके द्वारा प्रदान किये गए अंकों का औसत कर अंक प्रदान किये जायेंगे। इसके अतिरिक्त यदि चैलेन्ज मूल्यांकन में अंक कम होते हैं तो कम अंक ही प्रदर्शित किये जाएगे। चैलेन्ज मूल्यांकन के शुल्क को 5 हजार रुपए से घटा कर 3 हजार रुपए कर दिया गया है। साथ ही इसे नॉन रिफंडेबल भी कर दिया गया है, जबकि चैलेन्ज मूल्यांकन की तिथि के बाद चैलेन्ज मूल्यांकन करने के लिए 5 हजार रुपए विलम्ब शुल्क रखा गया है।
ये भी पढ़ें :-महाराष्ट्र के राज्यपाल बोले-आरएसएस सर्वाधिक धर्मनिरपेक्ष और समावेशी संगठन
गलत मूल्यांकन करने वाले शिक्षकों से अर्थदंड व मूल्यांकन से विरत करने के प्रस्ताव को हरी झंडी
समिति द्वारा गलत मूल्यांकन करने वाले शिक्षकों के खिलाफ अर्थदंड एवं मूल्यांकन से विरत करने वाले प्रस्ताव को भी हरी झंडी प्रदान की है। अब गलत मूल्यांकन करने वाले शिक्षक के खिलाफ अर्थदंड एवं मूल्यांकन से विरत करने सम्बन्धी कार्यवाही की जा सकेगी। समिति ने निर्णय लिया है कि कक्ष निरीक्षक, पर्यवेक्षक एव केंद्र अधीक्षक को बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करनी होगी। साथ ही परीक्षा केंद्र पर प्रिंटिंग रूम एवं सीसीटीवी सर्विलांस कैमरे होना अनिवार्य होगा।
बैठक में विवि के प्रतिकुलपति कैलाश नारायण, कुलसचिव नन्द लाल सिंह, वित्त अधिकारी जीपी सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजीव कुमार, डीन यूजी प्रो. विनीत कंसल, डीन पीजी प्रो. केवी आर्य एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
पीएचडी पाठ्यक्रम में प्रवेश परीक्षा का परिणाम बुधवार को घोषित होगा
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के पीएचडी पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु पूर्व से आयोजित लिखित प्रवेश परीक्षा का परिणाम बुधवार को घोषित किया जाएगा। डीन पीजी प्रो. केवी आर्य ने बताया कि परिणाम विवि की वेबसाइट aktu.ac.in पर उपलब्ध करवाया जाएगा। परीक्षा परिणाम के साथ ही साक्षात्कार की समय सारणी भी विवि के वेबसाइट पर उपलब्ध करवाई जायेगी।





