पुलिस ने 25 हजार के दो इनामी अपराधियों को किया गिरफ्तार

लखनऊ। एसटीएफ और सुलतानपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने 25-25 हजार रुपये के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अभिषेक सिंह का दावा है कि आरोपित अवैध शराब बनाकर उसे ब्राण्डेड शराब की बोतलों में भर कर बेचते थे। आरोपितों की गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किया गया था।
श्री सिंह के मुताबिक मंगलवार रात्रि मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए सुलतानपुर के कुड़वार थानान्तर्गत आचार्य चाणक्य महाविद्यालय तिराहे के पास पहले से ही घेराबन्दी कर ली थी। कुछ ही देर में मौके पर आरोपित पहुंच गए। तिराहे के पास भारी पुलिस बल देखकर आरोपित भागने का प्रयास करने लगे। इस पर एसटीएफ और पुलिस ने आरोपितों को दौड़ाकर दबोच लिया। पूछताछ में आरोपितों ने अपना नाम ग्राम बन्धुआकला कुड़वार सुलतानपुर निवासी संगम लाल और बसन्त लाल उर्फ रूपेश कुमार बताया है। श्री सिंह के मुताबिक आरोपित संगमलाल पूर्व में कैरोसिन तेल की खरीद-फरोस्त करता था।
अब वह अपने साथी संतोष और जवाहर के साथ अवैध शराब बनाने व बेचने का कारोबार करता है। रूपेश उसके गोदाम में नकदी शराब बनाता है। अवैध शराब बनाने के लिए आरोपित बिहार से स्प्रिट मंगवाते हैं। उसमे नशीली गोलियां मिलाकर शराब तैयार करते हैं। तैयार शराब को ब्राण्डेड खाली बोतलों में भर कर असली पैकिंग की तरह पैक कर बाजार भाव में बेचते हैं। अवैध शराब की सप्लाई आरोपित कई प्रदेशों में करते थे। 30 रुपये प्रति बोतल आरोपित बेचते थे। बोतल के ढक्कन, रैपर आदि की सप्लाई राजेश कबाड़ी करता था। आरोपितों के कब्जे से नगदी, मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद हुए हैं।





