इंडोनेशिया मास्टर्स : पीवी सिंधु, श्रीकांत बाहर, सेमीफाइनल में पहुंचीं साइना

भारत के लिए इंडोनेशिया मास्टर्स बैडमिंटन टूनार्मेंट में शुक्रवार को दिन ज्यादा अच्छा नहीं रहा। पुरुष खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत और महिला खिलाड़ी पी.वी. सिंधु क्वार्टर फाइनल में हार कर बाहर हो गए। लेकिन साइना नेहवाल ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर भारतीय चुनौती को इस टूनार्मेंट में बनाए रखा है। सिंधु एक बार फिर स्पेन की कैरोलिना मारिन से मात खा बैठीं जबकि श्रीकांत को इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी ने हराया। साइना हालांकि थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग की चुनौती से पार पाने में सफल रहीं। रियो ओलम्पिक की स्वर्ण पदक विजेता मारिन ने महिला एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में आसान मुकाबले में सिंधु को 21-11, 21-12 से मात देते हुए उनके खिलाफ आठवीं जीत हासिल की। यह मैच सिर्फ 37 मिनट तक ही चल सका।
स्पेन की मारिन से फिर पार नहीं पा सकीं भारत की पीवी सिंधु
पीवी सिंधु, कैरोलिना मारिन के खिलाफ अभी तक पांच मैच ही जीत पाई हैं। सेमीफाइनल में मारिन के सामने चीन की चेन यूफेई की चुनौती होगी जिन्होंने थाईलैंड की रातचानोक इंतानोन को 14-21, 21-9, 21-15 से मात देकर सेमीफाइल में जगह पक्की की। लंदन ओलम्पिक की कांस्य पदक विजेता साइना ने विजय रथ को आगे बढ़ाते हुए महिला एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड की पोर्नपावी को परास्त किया। वर्ल्ड नंबर-9 सायना ने 33 मिनटों तक चले इस मुकाबले में पोर्नपावी को सीधे गेमों में 21-7, 21-18 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया और अंतिम-4 में अपनी जगह बनाई। थाईलैंड की खिलाड़ी से सायना का सामना चौथी बार हो रहा था। वर्ल्ड नम्बर-22 पोर्नपावी के खिलाफ खेले गए पिछले तीन मुकाबलों में सायना ने जीत हासिल की थी।
श्रीकांत की हार के साथ पुरुष एकल वर्ग में भारतीय चुनौती समाप्त
साइना सेमीफाइनल में शनिवार को चीन की हे बिंगजियाओ से भिड़ेंगी जिन्होंने हमवतन चेन शियाओशिन को 21-18, 21-14 से परास्त कर सेमीफाइनल में कदम रखा। वर्ल्ड नम्बर-8 श्रीकांत को पुरुष एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में क्रिस्टी ने बाहर का रास्ता दिखाया। वर्ल्ड नंबर-12 इंडोनेशिया के क्रिस्टी ने 47 मिनट तक चले मुकाबले में श्रीकांत को 21-18, 21-19 से हराया। श्रीकांत का सामना पांचवीं बार क्रिस्टी से हो रहा था। पिछले चार मुकाबलों का स्कोर दोनों खिलाड़ियों के बीच 2-2 से बराबर था, लेकिन इस मैच में जीत के साथ क्रिस्टी अब जीत के मामले में श्रीकांत से 3-2 से आगे हो गए हैं। श्रीकांत की हार के साथ ही इस टूनार्मेंट के पुरुष एकल वर्ग में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई है।





