इंडियन नेशनल लोकदल को लगा बड़ा झटका, तो इस करण राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अरोड़ा ने छोड़ी पार्टी

विधानसभा चुनाव से ठीक पहले इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) को बड़ा झटका लगा है। पूर्व मंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने इनेलो छोड़ने का एलान किया है। उन्होंने कहा कि वह नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। वह इनेलो छोड़ने का फैसला भारी मन से कर रहेे हैं। कहा, ”मैंने 35 साल तक एक ही पार्टी में बिताए हैं। अगली पारी जब भी शुरू करूंगा तो उसी पार्टी में रहूंगा। ऐसा नहीं होगा कि कभी किसी को घर बुला लूं कभी किसी से मिलूं। अभी किस पार्टी में जाना है यह तय करना है।”
कुरुक्षेत्र की पंजाबी धर्मशाला में आयोजित कार्यकर्ताओं की बैठक में अरोड़ा ने यह बात कही। कहा कि अब राजनीति सिर्फ राष्ट्रीय पार्टियों की रह गई है। अरोड़ा का पार्टी से इस्तीफा देना इनेलो को अब तक का सबसे बड़ा झटका माना जा रहा है। अरोड़ा पार्टी के वफादार नेताओं में माने जाते थे।
बता दें, पिछले कई माह से लोग उनके राजनीतिक करियर को लेकर अलग-अलग भविष्यवाणी करने में जुटे थे। प्रदेश में राजनीति के बदलते माहौल को देखते हुए उनके समर्थक भी इसी उम्मीद में थे कि उनके नेता कोई बड़े बदलाव की ओर बढ़ें, ताकि उनके चुनावी अभियान को गति मिले।





