इंग्लैंड दौरे के ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम का हुआ ऐलान…

ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के प्रस्तावित सीमित ओवरों के दौरे के लिए गुरुवार को 26 सदस्यीय संभावित टीम का चयन किया जिसमें ग्लेन मैक्सवेल और पाकिस्तानी मूल के उस्मान ख्वाजा जैसे खिलाड़ियों के अलवा टी-20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए कुछ नए चेहरे में भी शामिल किये गए हैं.

सितंबर में होने वाले दौरे की पुष्टि होने के बाद ही अंतिम टीम का चयन किया जाएगा. इस दौरे में 3 वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच और इतने ही टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाने हैं. संभावित टीम में नियमित खिलाड़ियों के अलावा मैक्सवेल भी शामिल हैं जिन्होंने पिछले साल अक्टूबर से अपने देश की तरफ से कोई मैच नहीं खेला है. उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य मसलों के कारण विश्राम लिया था. ख्वाजा भी पिछले कुछ समय से सीमित ओवरों के पसंदीदा खिलाड़ी नहीं रहे. उन्हें इस साल अप्रैल में पिछले 5 सालों में पहली बार सीए के अनुबंधित खिलाड़ियों में जगह नहीं मिली थी.

राष्ट्रीय चयनकर्ता ट्रेवर हॉन्स ने कहा कि यह टीम केवल इंग्लैंड दौरे के लिए ही नहीं बल्कि टी20 विश्व कप को ध्यान में रखकर भी चुनी गई है. कोविड-19 महामारी के कारण टी-20 वर्ल्ड कप का स्थगित होना तय माना जा रहा है. उन्होंने कहा, ‘ये संभावित टीम आगामी आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप और 2023 में होने वाले आईसीसी वर्ल्ड कप को ध्यान में रखकर चुनी गई है.’

टीम में डेनियल सैम्स, रिले मेरेडिथ और जोश फिलिप के रूप में नए चेहरे रखे गए हैं. इन तीनों ने बिग बैश लीग में अच्छा प्रदर्शन किया था. इस बीच क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के राष्ट्रीय टीमों के कार्यकारी महाप्रबंधक बेन ओलिवर ने कहा कि सीए को इस दौरे के होने की उम्मीद है. उन्होंने कहा, ‘ईसीबी लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में हमारा भागीदार रहा है और हम इस दौरे को मूर्तरूप देने के लिये अपनी तरफ से हर संभव प्रयास कर रहे हैं.

संभावित टीम इस प्रकार है: शॉन एबॉट, एश्टन एगर, एलेक्स केरी, पैट कमिंस, आरोन फिंच, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, मिशेल मार्श, ग्लेन मैक्सवेल, बेन मैकडरमोट, रिले मेरेडिथ, माइकल नेसर, जोश फिलिप, डेनियल सैम्स , डी आर्सी शॉर्ट, केन रिचर्डसन, स्टीवन स्मिथ, मिशेल स्टार्क, मार्कस स्टोइनिस, एंड्रयू टाई, मैथ्यू वेड, डेविड वार्नर, एडम जम्पा.

Back to top button