इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने हासिल कर ली डब्ल्यूडब्ल्यूई चैम्पियनशिप बेल्ट…

इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने गुरुवार को डब्ल्यूडब्ल्यूई चैम्पियनशिप बेल्ट हासिल कर ली. पहली बार वर्ल्ड कप जीतने वाली इंग्लैंड की टीम से डब्ल्यूडब्ल्यूई सुपरस्टार ट्रिपल एच ने डब्ल्यूडब्ल्यूई चैम्पियनशिप बेल्ट देने का वादा किया था.
इंग्लैंड क्रिकेट के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर उन तस्वीरों को साझा किया गया है, जिनमें विजेता टीम के विभिन्न खिलाड़ी चैम्पियनशिप बेल्ट के साथ नजर आ रहे हैं. इन खिलाड़ियों में जोफ्रा आर्चर, जेसन रॉय, जोस बटलर, जॉनी बेयरस्टो और जो रूट शामिल हैं.
14 जुलाई को लॉर्ड्स में इंग्लैंड की नाटकीय विश्व कप जीत के बाद डब्ल्यूडब्ल्यूई सुपरस्टार ट्रिपल एच ने घोषणा की थी कि इंग्लैंड टीम को विशेष रूप से निर्मित डब्ल्यूडब्ल्यूई चैम्पियनशिप बेल्ट पेश की जाएगी.
ट्रिपल एच ने अपने ट्वीट में कहा था, ‘एक अविश्वसनीय टूर्नामेंट, विस्मयकारी फाइनल और योग्य चैम्पियन टीम. ICC मेन्स वर्ल्ड कप 2019 जीतने के लिए इंग्लैंड क्रिकेट को बधाई.@WWE Championship is YOURS! @WWEUK’
इंग्लैंड की टीम इन दिनों ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की एशेज सीरीज खेल रही है. फिलहाल यह सीरीज 1-1 से बराबरी पर है. दोनों टीमें अब 4 सितंबर से ओल्ड ट्रैफर्ड में शुरू होने वाले चौथे टेस्ट में उतरेंगी.





