इंग्लैंड के नए टेस्ट कोच बनने की रेस में राहुल द्रविड़ को टक्कर दे सकते हैं ये दिग्गज

इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने रविवार को टेस्ट टीम के कोच ब्रैंडन मैकुलम को बर्खास्त कर दिया। हालांकि, मैकुलम सीमित ओवरों में टीम के कोच की भूमिका निभाते रहेंगे। अब इंग्लैंड को अपने अगले टेस्ट कोच की तलाश है और इस रेस में भारत के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ का नाम भी रेस में हैं, लेकिन कुछ दिग्गजों से उन्हें टक्कर मिल सकती है।
राहुल भारत के कोच भी रह चुके हैं और उनके कोच रहते ही भारत ने टी20 वर्ल्ड कप-2024 का खिताब जीता था। टेस्ट में भी भारत ने उनके रहते अच्छा किया। इंग्लैंड राहुल की काबिलियत को देखते हुए उनके नाम पर विचार कर रहा है, लेकिन इसमें कुछ और नाम हैं जो उनको टक्कर दे सकते हैं। आइए नजर डालते हैं ऐसा नामों पर
राहुल द्रविड़ को टक्कर देने वाले दिग्गज
जोनाथन ट्रोट
राहुल द्रविड़ को टक्कर देने की रेस में इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज जोनाथन ट्रोट का नाम शामिल है। ट्रोट 2022 से 2026 तक अफगानिस्तान टीम के हेड कोच रह चुके हैं। उनके रहते अफगानिस्तान ने शानदार सफलता हासिल की थी। ट्रोट टेस्ट के शानदार बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। उनके पास अब इंटरनेशनल कोचिंग का भी अनुभव है और वह मौजूदा क्रिकेट को बहुत अच्छे से समझते हैं।
एंड्रयू फ्लिंटॉफ
इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटॉफ भी राहुल के इंग्लैंड का टेस्ट कोच बनने की राह में बाधा बन सकते हैं। फ्लिंटॉफ इंग्लैंड लायंस यानी ए टीम के कोच हैं और इसके अलावा सिडनी थंडर के भी हेड कोच हैं। इंग्लैंड के युवा खिलाड़ियों के साथ काम करते हुए उनके पास खिलाड़ियों की अच्छी समझ है जो टीम के काम आ सकती है। वह इंग्लैंड की टीम के साथ बतौर सहायक कोच काम भी कर चुके हैं। इंग्लैंड उनको टेस्ट कोच बनाने के बाद फुल टाइम कोच भी नियुक्त कर सकता है।
रिचार्ड डॉसन
इंग्लैंड की काउंटी ग्लेमोर्गन के हेड कोच रिचार्ड डॉसन भी इंग्लैंड के टेस्ट कोच बन सकते हैं। उनके पास कोचिंग का अच्छा-खासा अनुभव है। वह इंग्लैंड लायंस के साथ काम कर चुके हैं और 2021 से 24 तक सीनियर टीम के साथ भी सहायक कोच की भूमिका में रह चुके हैं। अतीत का अनुभव और इंग्लैंड क्रिकेट को अच्छे से समझना उनको प्रबल दावेदार बनाता है।
गैरेथ बैटी
इंग्लैंड की एक और काउंटी सरे के हेड कोच गैरेथ बैटी भी इस रेस में शामिल हैं। उनके कोच रहते हुए सरे ने 2022 से 2024 तक लगातार तीन बार काउंटी चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया था। यहां एक बार फिर इंग्लैंड की घरेलू क्रिकेट की समझ और अनुभव उनको मजबूत दावेदार बनाता है।
रवि शास्त्री
भारत के पूर्व कोच रवि शास्त्री पर भी ईसीबी नजरें डाल सकती है। शास्त्री के कोच रहते भारत ने टेस्ट क्रिकेट में शानदार सफलता हासिल की थी जिसमें ऑस्ट्रेलिया में लगातार दो टेस्ट सीरीज जीत शामिल है। उनकी आक्रामक शैली इंग्लैंड क्रिकेट की सोच से मेल खाती है। पहले भी इंग्लैंड की मीडिया में शास्त्री को कोच बनाने की खबरें आईं थी। ऐसे में शास्त्री के नाम को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।





