आरपीएफ के जवान बने हैवान, नाबालिग से किया रातभर गैंगरेप

छपरा। बिहार के सुशासन बाबू कहे जाने वाले नीतीश कुमार के राज में अपराधियों के हौसले दिन-ब-दिन बढ़ते ही जा रहे हैं। हैरान करने वाली बात तब और होती है जब जनता के रखवाले ही दरिंदे बन जाएं। छपरा जंक्शन पर रेलवे पुलिस फोर्स (आरपीएफ) पोस्ट में पुलिसकर्मियों ने एक नाबालिग बच्ची को अपनी हवस का शिकार बना डाला।
इन दरिंदों ने पुलिस थाने में ही उसके साथ रातभर दुष्कर्म किया। बताया जा रहा है, बच्ची भटककर रेलवे स्टेशन पहुंच गई थी। पुलिसकर्मियों की इस तरह की घिनौनी हरकत किए जाने की वजह से प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।
ये घटना 29 अक्तूबर की है। आरपीएफ जवानों को नाबालिग बच्ची संदिग्ध हालत में शाम के 7 बजे छपरा जंक्शन के बाहर मिली। आरपीएफ जवान उसे लेकर आरपीएफ पोस्ट पहुंचे। वह उसे छपरा जंक्शन पर खुले चाइल्ड लाइन को सौंपने के लिए लेकर गए। हालांकि वहां के कर्मचारी ने यह कहते हुए लड़की को लेने से मना कर दिया कि यहां कोई महिला कर्मचारी नहीं है।
आरपीएफ जवान लिखित रूप में एक महिला कांस्टेबल के सरकारी आवास पर ले जाकर बच्ची को सुपुर्द कर दिया। लेकिन वह उसे कांस्टेबल के घर रखने की बजाए आरपीएफ पोस्ट लेकर आ गए। यहां उसे उप-निरीक्षक के कमरे में बंद कर दिया गया। फिर रातभर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। सुबह जब बच्ची ने अपनी आपबीती महिला कर्मचारी और महिला कांस्टेबल को बताई तो जवानों ने पिटाई करके उसे चुप करा दिया।
इसके बाद बच्ची को बालिका गृह को सौंप दिया गया। जब उसने अपने साथ हुई हैवानियत के बारे में बालिका गृह के अधीक्षक को बताया तो वह चौंक गए। आरपीएफ जवानों की ये दरिंदगी की बात सामने आने पर बालिका गृह के अधीक्षक ने महिला थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है। उन्होंने इसके बारे में डीएम सहित सभी वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी है। अधिकारियों के निर्देश पर बच्ची की सदर अस्पताल में मेडिकल जांच हुई। आरपीएफ के आईजी राजाराम के आदेश मिलने के बाद सहायक सुरक्षा कमांडेंट इस मामले की जांच कर रहे हैं।





