आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बेटे तेज प्रताप यादव सड़क दुर्घटना में हो गए घायल…

राष्‍ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad yadav) के लाल तथा पूर्व स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री तेज प्रताप यादव (Tej Pratap Yadav) शुक्रवार को पटना के ईको पार्क के निकट सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। उनके साथ गाड़ी पर सवार लोकसभा चुनाव में जहानाबाद से ‘लालू-राबड़ी मोर्चा’ (Lalu Rabri Morcha) के प्रत्‍याशी चंद्र प्रकाश भी घायल हो गए। दुर्घटना तब हुई, जब अपने अावास से आरजेडी दफ्तर जाते तेज प्रताप की गाड़ी सड़क पर एक अन्‍य गाड़ी से टकरा गई। इसके पहले भी तेज प्रताप पटना की सड़क पर दुर्घटना के शिकार हो चुके हैं।
पटना के ईको पार्क के निकट हुई दुर्घटना
पटना के ईको पार्क के निकट तेज प्रताप यादव की गाड़ी बीआइटी मेसरा के छात्रों की गाड़ी से टकरा गई। व्‍यस्‍त सड़क पर दो गाडि़यों की इस टक्‍कर के बाद अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में तेज प्रताप यादव घायल हो गए। गाड़ी में सवार जहानाबाद से लोकसभा चुनाव में ‘लालू-राबड़ी मोर्चा’ के प्रत्‍याशी रहे चंद्र प्रकाश भी घायल हो गए।

तेज प्रताप काली हुंडई वरना कार में सवार थे। यह गाड़ी चंद्र प्रकाश की है। गाड़ी को काफी नुकसान हुआ है।
उधर, दूसरी गाड़ी में सवार बीआइटी मेसरा के छात्र भी घायल हो गए। उनकी गाड़ी भी क्षतिग्रस्‍त हो गई।  सभी घायलों को पारस अस्पताल में भेज गया है।
पहले भी साइकिल से गिर चुके लालू के लाल
तेज प्रताप यादव पहले भी सड़क दुर्घटना के शिकार हो चुके हैं। पटना में बीते साल 26 जुलाई की सुबह सड़क पर साइकिल चलाते हुए वे अपने ही कारकेड की गाड़ी से टकराकर गिर पड़े थे। तेज प्रताप जिम से लौटते वक्‍त लोगों को 28 जुलाई से होने वाली तेजस्‍वी यादव (Tejashwi Yadav) की ‘साइकिल यात्रा’ का निमंत्रण देने साइकिल से निकले थे कि दुर्घटना हो गई थी। तेज प्रताप को हल्‍की चोट लगी थी। उस वक्‍त घटना की बाबत तेज प्रताप ने अपने अंदाज में कहा था कि जो लोग मैदान में निकलते हैं वही गिरते और लड़ते हैं। यह स्पोर्ट्समैन के साथ होता रहता है।

अपने अलग अंदाज के लिए जाने जाते तेज प्रताप
विदित हो कि तेज प्रताप यादव अपने अलग अंदाज के लिए जाने जाते हैं। वे कभी बांसुरी व शंख बजाते नजर आते हैं तो कभी साइकिल व ट्रैक्‍टर चलाते। वे रिक्‍शे की सवारी करते भी नजर आ चुके हैं। तेज प्रताप सत्‍तू खाते व मिठाई बनाते भी सुर्खियों में रहे हैं।

Back to top button