आधी रात को गुजरात विधानसभा में घुसा तेंदुआ, चारो तरफ मचा हडकंप…

गुजरात के गांधीनगर में गुजरात विधानसभा के सचिवालय में तेंदुआ घुसने की खबर ने दहशत फैला दी. तेंदुए को पकड़ने के लिए इस समय ऑपरेशन विधानसभा में चलाया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, 100 लोगों की टीम विधानसभा बिल्डिंग में है, जो इस ऑपरेशन का हिस्सा है. तेंदुए ने रात के 1.53 बजे सचिवालय परिसर में प्रवेश किया. उसे पकड़ने के लिए कई जगहों पर बेहोशी की दवाई और पिंजरे लगाए गए हैं. तेंदुआ जिस जगह घुसा है वो गांधीनगर का सबसे सुरक्षित इलाका है.आधी रात को गुजरात विधानसभा में घुसा तेंदुआ, चारो तरफ मचा हडकंप...

गुजरात विधानसभा के सचिवालय में 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, इन्हीं में कैमरों में एक तेंदुए के विधानसभा में घुसने का वीडियो रिकॉर्ड हुआ है. ये वीडियो रात 1.53 बजे का है. घटना के 9 से ज्यादा घंटे बाद भी तेंदुए का कोई सुराग नहीं मिला है. माना जा रहा है कि विधानसभा के गेट नंबर सात से ये तेंदुआ अंदर घुसा. सुरक्षा के मद्देनजर सचिवालय में लोगों की आवाजाही रोक दी गई है. सचिवालय के अंदर किसी को भी जाने की इजाजत नहीं है. 

सोमवार होने के कारण विधानसभा में आज कामकाज का दिन था, लेकिन इसे रोक दिया गया. विधानसभा में फिलहाल आवाजाही बंद कर दी गई है. सचिवालय में मुख्यमंत्री के अलावा सभी मंत्रियों का कार्यालय है. जिस इमारत में ये तेंदुआ घुसा है वह गुजरात सचिवालय की मुख्य बिल्डिंग है. घटना के बाद से गुजरात विधानसभा में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. वहीं, सर्च ऑपरेशन टीम तेंदुए को पकड़ने में जुटी हुई है. 

Back to top button