कश्मीरी पत्थरबाजों की वजह से भागने में कामयाब हुआ आतंकी जाकिर मूसा?

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में त्राल के नूरपोरा में सुरक्षाबलों द्वारा घेर लिया गया आतंकी जाकिर मूसा भागने में सफल हो गया है। दावा है कि वो ऐसा घाटी के पत्थरबाजों की वजह से कर सका। दरअसल सुरक्षाबलों को जाकीर के साथ अन्य आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी जिसके बाद घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया।
सुरक्षा बलों को जाकिर मूसा के दो अन्य आतंकियों के साथ क्षेत्र में आने की सूचना मिली थी। कश्मीर में आतंक का नया नाम बन रहा अंसार गजावह उल हिद का कमांडर जाकिर मूसा भी नूरपोरा का ही रहने वाला है। जब टीम मौके पर पहुंची तो लोगों ने उन पर पथराव कर दिया। कहा जा रहा है कि इसी का फायद उठाकर मूसा भागने में कामयाब रहा, लेकिन अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
नूरपोरा के अलावा सुरक्षा बलों ने दक्षिण कश्मीर में पहलीपोरा शोपियां और उत्तरी कश्मीर के अजस बांडीपोर में आतंकियों को जिंदा अथवा मुर्दा पकड़ने के लिए कासो चलाया था। पहलीपोरा में सुबह नौ बजे शुरू हुआ अभियान तीन घंटे तक चला। अजस में करीब एक घंटे तक ही सुरक्षा बलों ने आतंकियों के संभावित ठिकानों की तलाशी ली। दोनों जगह स्थिति शांत रही। शाम पांच बजे सुरक्षा बलों ने त्राल के नौवाडल इलाके में तीन आतंकी देखे जाने की सूचना पर तलाशी अभियान चलाया। एक घंटे तक नौवाडल में संदिग्ध मकानों की तलाशी के दौरान जब कुछ नहीं मिला तो सुरक्षा बलों ने अभियान समाप्त कर दिया।
नौवाडल के बाद सुरक्षा बलों ने बब मुहल्ला नूरपोरा में तीन आतंकियों को एक मस्जिद के पास देखे जाने की खबर के मिलते ही घेराबंदी की। पूरे इलाके में खबर फैल गई कि जाकिर मूसा अपने घर आया था। वह फंस गया। लोग नारेबाजी करते हुए सड़कों पर उतर आए। उन्होंने जिहादी नारेबाजी के साथ सुरक्षा बलों पर पथराव कर दिया। स्थिति को बेकाबू होते देख सुरक्षा बलों ने बल प्रयोग किया। उसके बाद हिसक झड़पें शुरू हो गईं जो रात तक जारी रहीं।
एसपी स्तर के पुलिस अधिकारी ने कहा कि हमने आतंकियों के छिपे होने की सूचना पर तलाशी अभियान चलाया था। जाकिर मूसा नूरपोरा में आया था या नहीं, इसके बारे में हम कुछ नहीं कह सकते। तलाशी अभियान जारी है।





