आज राजस्थान के 27 जिलों पर आंधी-बारिश का अलर्ट

राजस्थान में प्री-मानसून की गतिविधियां लगातार सक्रीय बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने शनिवार को 27 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अगले तीन दिन पूर्वी-दक्षिणी व उत्तर पूर्वी राजस्थान में प्री मानसून की गतिविधियां जारी रहेंगी। प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान नागौर में सर्वाधिक 60 एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ और भीलवाड़ा में एक इंच से ज्यादा पानी बरसा।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान नागौर के खींवसर में 40 एमएम, प्रतापगढ़ के अरनोद में 32 एमएम, भीलवाड़ा के करोड़ा में 35 एमएम, चित्तौड़गढ़ में 28 एमएम और झालावाड़ के डग में 23 एमएम बारिश दर्ज की गई। श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ के कई इलाकों में तेज बारिश और तेज हवाओं का दौर चला।
हालांकि पश्चिमी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां कमजोर रहने से गर्मी का असर बना हुआ है। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा जैसलमेर में 41.5, बीकानेर में 41.4 और बाड़मेर में 41.2 और चूरू में 41.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
आज इन जिलों में अलर्ट
जयपुर मौसम केंद्र ने आज जयपुर, अलवर, दौसा, सीकर, झुंझुनू, भरतपुर, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक, अजमेर, नागौर, कोटा, बूंदी,बारां, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, प्रतापगढ़, उदयपुर, राजसमंदख् बांसवाड़ा, डूंगरपुर, पाली, सिरोही, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और बीकानेर में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
मौमस विभाग के अनुसार 29 से 30 जून के बीच दक्षिण-पश्चिमी मानसून के राजस्थान में आगे बढ़ने के लिए परिस्थियां अनुकूल बन रही हैं। जुलाई के पहले सप्ताह में राजस्थान में मानसून की एंट्री की संभावना है। इसके साथ ही प्रदेश में अधिकतम तापमान में भी 2 से 4 डिग्री तक की कमी आने की उम्मीद है।





