आज दूसरा टी-20 मुकाबला, भारत के लिए ‘करो या मरो’ की स्थिति

भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की सीरीज का दूसरा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच रविवार को खेला जाएगा। पहला टी-20 मैच इंग्लैंड ने जीता था और भारत को सीरीज बचाने के लिए रविवार को हर हाल में जीत हासिल करना होगी।
भारत का नागपुर में रिकॉर्ड खराब रहा है। यहां मेजबान टीम ने 2 टी-20 मैच खेले और दोनों में ही उसे हार मिली है। इसमें टी-20 विश्व कप के दौरान महेंद्रसिंह धोनी की कप्तानी में न्यूजीलैंड से मिली हार की बुरी यादें भी टीम के मन में होंगी। तब भारतीय बल्लेबाजी क्रम कीवी स्पिनरों के सामने बिखर गया था।
15 महीने बाद घर में सीरीज गंवाने का डर
टीम इंडिया के सामने अपने घर में 15 महीने बाद सीरीज गंवाने का डर है। पिछली भारत को अक्टूबर 2015 में दक्षिण अफ्रीका ने वन-डे सीरीज में 3-2 से हराया था। उसी महीने द. अफ्रीका ने टी-20 सीरीज में भी भारत को 2-0 से हराया था।
टीम संयोजन : भारत केएल राहुल की जगह ऋषभ पंत को बतौर ओपनर उतार सकता है। नागपुर के बड़े मैदान को देखते हुए अमित मिश्रा कानपुर की तुलना में ज्यादा उपयोगी होंगे। पिछले मैच में राष्ट्रगान के दौरान च्युइंगम चबाने वाले परवेज रसूल का बाहर बैठना लगभग तय है। अच्छे फॉर्म में चल रहे भुवनेश्वर कुमार तेज गेंदबाजी आक्रमण की कमान संभालेंगे।
इंग्लैंड पिछले मैच को जीतने वाली टीम में शायद ही कोई बदलाव करे। कप्तान इयोन मॉर्गन ने भी ऐसे ही संकेत दिए हैं।
पिच का मिजाज : मैदान बहुत बड़ा है और पिच सपाट। इससे बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों को मदद मिलेगी।
संभावित टीमें
भारत : विराट कोहली (कप्तान), केएल राहुल/ऋषभ पंत, सुरेश रैना, युवराज सिंह, महेंद्रसिंह धोनी (विकेटकीपर), मनीष पांडे, हार्दिक पांड्या, परवेज रसूल/अमित मिश्रा, युजवेंद्र चहल, भुवनेश्वर कुमार/आशीष नेहरा/जसप्रीत बुमराह।
इंग्लैंड : सैम बिलिंग्स, जेसन रॉय, जोए रूट, इयोन मॉर्गन (कप्तान), बेन स्टोक्स, जोस बटलर, मोइन अली, क्रिस जॉर्डन, लियाम प्लंकेट, आदिल रशीद, तायमल मिल्स।
आंकड़े
– 200 टी-20 विकेट पूरे करने से अमित मिश्रा एक कदम दूर हैं।
– 2 टी-20 मैच भारत ने नागपुर में खेले हैं और दोनों ही हारे हैं।
– 10 टी-20 मैच इस मैदान में हुए। 7 में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती।





